Highlights:
22 नवंबर 2026 को रखा जाएगा नवंबर महीने का आखिरी प्रदोष व्रत।
व्रत में फलाहार और सात्विक भोजन करने की परंपरा है।
कुछ जगहों पर व्रत में हरे मूंग के सेवन को उचित माना गया है।
अन्न, चावल, लाल मिर्च और साधारण नमक से परहेज किया जाता है।
Ravi Pradosh Vrat Food Rules: हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा प्राप्त करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रत्येक महीने में दो बार शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को यह व्रत रखा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि प्रदोष काल में महादेव की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
नवंबर 2026 का आखिरी प्रदोष व्रत 22 नवंबर, रविवार को रखा जाएगा। रविवार के दिन पड़ने के कारण इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव के साथ सूर्य देव की आराधना का भी विशेष महत्व है। आइए जानते हैं रवि प्रदोष व्रत की पूजा विधि, शाम को पूजा करने का कारण और इस दिन किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
प्रदोष व्रत के दौरान खान-पान के नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और पारिवारिक परंपरा के अनुसार निर्जल व्रत या फलाहार कर सकते हैं। कुछ धार्मिक मान्यताओं में प्रदोष काल के दौरान हरे मूंग का सेवन करना उचित माना गया है।
व्रत में फल, दूध, दही और अन्य सात्विक फलाहारी चीजों का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, व्रत के खान-पान के नियम अलग-अलग क्षेत्रों और परंपराओं में अलग हो सकते हैं।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, प्रदोष व्रत में अन्न, चावल, लाल मिर्च और साधारण नमक का सेवन नहीं किया जाता। कुछ लोग व्रत के दौरान लहसुन-प्याज और तामसिक भोजन से भी परहेज करते हैं।
व्रत रखने वालों को अपनी परंपरा के अनुसार सात्विक भोजन करना चाहिए। यदि स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी हो, तो उपवास करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लिजिए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष व्रत रखने और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करने से सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है। रवि प्रदोष के दिन भगवान शिव के साथ सूर्य देव की उपासना का भी विशेष महत्व बताया गया है।
मान्यता है कि इस व्रत से आरोग्य, आत्मविश्वास और मान-सम्मान की कामना पूरी होती है। भक्त इस दिन महादेव से जीवन की बाधाएं दूर करने, परिवार में सुख-शांति बनाए रखने और करियर तथा कारोबार में सफलता की प्रार्थना करते हैं।