Highlights
नवंबर और दिसंबर 2026 में विवाह के लिए कुल 11 शुभ तिथियां बताई गई हैं।
नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के मुहूर्त हैं।
दिसंबर में 2 से 6 और 11 से 12 तारीख तक विवाह के शुभ अवसर मिलेंगे।
16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यों पर फिर लगेगा विराम।
कुंभ और मेष राशि के जातकों के लिए विवाह संबंधी प्रस्ताव आने की ज्योतिषीय संभावना है।
Wedding Dates In November-December: चार महीने से शादी-ब्याह और मांगलिक आयोजनों पर लगा विराम अब नवंबर में खत्म होने जा रहा है। बैंड-बाजा, बारात और शहनाइयों की गूंज एक बार फिर सुनाई देने वाली है। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास का समापन माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसके बाद विवाह, सगाई, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
नवंबर और दिसंबर में शादी के कुल 11 शुभ मुहूर्त बताए गए हैं। वहीं, ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार कुछ राशियों के जातकों के लिए विवाह और रिश्तों के लिहाज से यह समय खास हो सकता है।
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 16 मिनट से शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। गृहस्थ यानी स्मार्त परंपरा के श्रद्धालु 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का व्रत रखेंगे। वहीं वैष्णव संप्रदाय में 21 नवंबर को गौण देवउठनी एकादशी मनाने का विधान बताया गया है।
देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी और हरिप्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शुभ कार्यों के लिए रास्ता खुल जाता है।
चार महीने बाद विवाह का सीजन शुरू होने से मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग और अन्य शादी संबंधी कारोबार में भी रौनक लौटने की उम्मीद है। नवंबर में देवउठनी एकादशी के अगले दिन से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होने की बात कही जा रही है। नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए ये 11 तारीखें बताई गई हैं।
नवंबर 2026 के विवाह मुहूर्त
21 नवंबर 2026, शनिवार
24 नवंबर 2026, मंगलवार
25 नवंबर 2026, बुधवार
26 नवंबर 2026, गुरुवार
दिसंबर 2026 के विवाह मुहूर्त
2 दिसंबर 2026, बुधवार
3 दिसंबर 2026, गुरुवार
4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
5 दिसंबर 2026, शनिवार
6 दिसंबर 2026, रविवार
11 दिसंबर 2026, शुक्रवार
12 दिसंबर 2026, शनिवार
इन तारीखों पर विवाह की योजना बना रहे परिवारों को मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की बुकिंग समय रहते कराने की सलाह दी जा रही है।
ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, नवंबर-दिसंबर के विवाह सीजन में कुछ राशियों के जातकों के लिए रिश्ते और विवाह से जुड़ी बातचीत आगे बढ़ सकती है।
कुंभ राशि वालों की गोचर कुंडली के सातवें भाव में गुरु की स्थिति को विवाह और सगाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विवाह योग्य जातकों को अच्छे रिश्ते मिल सकते हैं और शादी की बातचीत आगे बढ़ सकती है।
मेष राशि के सातवें भाव में शुक्र की अनुकूल स्थिति को रिश्तों के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। परिवार में विवाह की चर्चा आगे बढ़ सकती है और विवाह योग्य जातकों को अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं।
इन दोनों राशियों के जातकों को विवाह संबंधी फैसले सोच-समझकर लेने की सलाह दी जा रही है। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, 5 दिसंबर को राहु के मकर राशि में प्रवेश से राहु-केतु की धुरी इनकी लग्न और सप्तम भाव को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में जल्दबाजी से बचने और विवाह से पहले कुंडली का अच्छी तरह मिलान कराने की सलाह दी जाती है।
कुल मिलाकर, देवउठनी एकादशी के साथ नवंबर में विवाह का नया सीजन शुरू होने जा रहा है। नवंबर और दिसंबर में उपलब्ध 11 शुभ तिथियों के चलते शादी की तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, विवाह की तारीख तय करने से पहले योग्य ज्योतिषाचार्य से मुहूर्त के बारें जानकारी अवश्य लिजिए।