Bhajan Lal Sharma Govt Two Years: राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने इस साल 15 दिसंबर को अपनी सरकार के दो साल पूरे करने वाली है। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, रोजगार और किसान कल्याण से जुड़े कई काम किए हैं। सरकार के अनुसार बिजली उत्पादन क्षमता में 6363 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के तहत 17 जिलों में सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 26000 करोड़ रुपये के कार्य आदेश जारी किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए एसआईटी का गठन किया गया और 90000 से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। आइए आपको राजस्थान सरकार द्वारा दो सालों में किए गए 10 बड़े कामों के बारे में बताते है, जो यह दर्शाता है कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य विकास की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में बिजली उत्पादन क्षमता में 6363 मेगावाट की बढ़ोतरी की गई है। इससे प्रदेश में बिजली की उपलब्धता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान सरकार ने ईआरसीपी के तहत 17 जिलों में चार लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने और करीब तीन करोड़ लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए 26000 करोड़ रुपये के कार्य आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सालों से अटके यमुना जल प्रोजेक्ट को गति मिली है। 34,102 करोड़ रुपये की योजना से शेखावाटी समेत पानी की कमी वाले इलाकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
2025 से पहले राजस्थान से आए दिन पेपर की और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की खबरें आती रही थी। सीएम भजनलाल शर्मा ने शपथ ग्रहण करने के बाद से इस पर लगाम लगाना शुरू किया। सरकार ने पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। सरकार के अनुसार 296 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित की गईं। अब तक 90000 से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 153000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
राजस्थान सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने 3000 रुपये की अतिरिक्त राशि जोड़ी है। इससे किसानों को कुल 9000 रुपये मिल रहे हैं। सरकार के अनुसार 76 लाख से अधिक किसानों को 10432 करोड़ रुपये सीधे खातों में भेजे गए हैं।
किसानों को गेहूं खरीद पर बोनस दिया गया है। वर्ष 2024 25 में 125 रुपये और वर्ष 2025 26 में 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया गया। 2 लाख 66 हजार किसानों को 471 करोड़ रुपये से अधिक वितरित किए गए हैं।
किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए 44000 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसल ऋण उपलब्ध कराया गया है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को खेती की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की सहायता राशि बढ़ाकर 6500 रुपये की गई है। 12 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। वहीं 85000 हेक्टेयर क्षेत्र में नहर से सिंचाई सुविधा पहुंचाई गई और 35368 खेत तालाबों का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में 132 नए इलाज पैकेज जोड़े गए हैं। सरकार के अनुसार 35 लाख से अधिक लाभार्थियों को 6860 करोड़ रुपये की कैशलेश चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दूर-दराज से जयपुर,जोधपुर और कोटा जैसे बड़े शहरों इलाज के लिए आने वाले लोगों की समस्याओं समझते हुए राज्य के बड़े संभागों में मरीजों और तीमारदारों के ठहरने के लिए आधुनिक विश्राम गृह बनाए जाने का ऐलान किया है।
जल जीवन मिशन के तहत 10482 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सरकार के अनुसार 13 लाख 59 हजार ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन दिए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा बढ़ी है।
प्रदेश में 15684 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 1640 गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और जरूरी सेवाओं तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।