Sukhbir Badal Discharged: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित माता साहब गुरुद्वारा में उन पर हमला हुआ था, जिसमें उनके हाथ में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के समय सुखबीर बादल अपनी पत्नी और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सुखबीर सिंह बादल ने नांदेड़ में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उन पर यह दूसरी बार हमला हुआ है और दोनों घटनाएं पवित्र धार्मिक स्थलों पर हुई हैं।
बादल ने कहा कि पहले उन पर गोल्डन टेंपल में हमला हुआ था और अब हजूर साहिब में यह घटना हुई। उन्होंने कहा, “जिसके सिर पर गुरु साहब का हाथ है, उस पर कोई आंच नहीं आ सकती।”
सुखबीर बादल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन शिरोमणि अकाली दल ऐसा नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी हमेशा राज्य की शांति और भाईचारे को प्राथमिकता दी थी।
उन्होंने कहा कि देश और पंजाब की अमन-शांति के दुश्मनों ने भले ही बहुत कोशिश की, लेकिन गुरु गोविंद सिंह महाराज ने उनकी रक्षा की।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “ना मैं डरता हूं, ना मैं डरा हूं।” साथ ही उन्होंने दोहराया कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल किसी भी कुर्बानी के लिए तैयार है, लेकिन उनके लिए पंजाब और देश की तरक्की सबसे पहले है। उन्होंने सांप्रदायिक और धार्मिक सौहार्द को भी पार्टी की प्राथमिकता बताया।
सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की पंजाब के विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं ने निंदा की है। शिरोमणि अकाली दल के अलावा आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी समेत कई दलों ने घटना पर चिंता जताई और हमले की आलोचना की।
बादल ने कहा कि चाहे कितनी भी कोशिशें की जाएं, आखिरकार सब कुछ परमात्मा के हाथ में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पंजाब की शांति और भाईचारे को बनाए रखने के लिए काम करते रहेंगे।