Khalistan National Army Threat Email: पंजाब के मोहाली में सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब शहर के 10 से ज्यादा नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। इस सूचना के बाद पूरे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्कूलों को खाली करवाकर छुट्टी घोषित कर दी गई और चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी गई।
आज सुबह कई निजी स्कूलों के आधिकारिक ईमेल पर एक संदेश आया, जिसमें दोपहर 1:11 बजे मोहाली के स्कूलों और कॉलेजों में बम ब्लास्ट करने की बात कही गई थी। इस मेल को भेजने वाले के रूप में 'खालिस्तान नेशनल आर्मी', इंजीनियर गुरनाख सिंह और रुकन शाहवाला का नाम लिखा गया है। मेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए पंजाब के नौजवानों के कत्लेआम का जिक्र किया गया है।
इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद तब और उड़ा दी जब इसमें वीवीआईपी (VVIP) को निशाना बनाने का जिक्र मिला। धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 'ह्यूमन बम' (मानव बम) से उड़ा दिया जाएगा। इसके अलावा, मेल में 13 फरवरी को दोपहर 2:11 बजे दिल्ली स्थित भारतीय संसद को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी की खबर मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत छुट्टी की घोषणा कर दी। पैरागॉन, लर्निंग पाथ, माइंड ट्री, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल और इंडस इंटरनेशनल जैसे स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया। कई बच्चे जो सुबह स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें गेट से ही वापस भेज दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को मैसेज भेजकर सूचित किया कि सुरक्षा कारणों से बच्चों को घर वापस भेजा जा रहा है और निजी वाहन वाले अभिभावक जल्द से जल्द अपने बच्चों को ले जाएं।
यह भी पढ़ें: पंजाब के लॉ कॉलेज में खूनी खेल: क्लासरूम में छात्रा के सिर में मारी गोली, फिर छात्र ने खुद को भी उड़ाया
सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। डीएसपी सिटी हरसिमरन बल और डीएसपी पृथ्वी चहल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने प्रभावित स्कूलों को सील कर दिया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से क्लासरूम, डेस्क और खेल के मैदानों की बारीकी से तलाशी ली गई। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि साइबर सेल की मदद से उस ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है जिससे यह धमकी भेजी गई थी। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।