लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों का विरोध प्रदर्शन सोर्स-सोशल मीडिया
पंजाब

LPU Protest: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रातभर बवाल! पुलिस से झड़प के बाद 10 दिनों के लिए बंद हुआ कैंपस

LPU News University Closed 10 Days: LPU में अफवाह के बाद छात्रों का हिंसक प्रदर्शन। पुलिस से झड़प और हाईवे जाम के बाद यूनिवर्सिटी 10 दिनों के लिए बंद, परीक्षाएं टलीं। FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू।

करुणा नंद शाहवाल

Lovely Professional University Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार रात एक बार फिर स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित रेप और आत्महत्या की अफवाह फैलने के बाद छात्रों का प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया। उग्र छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई तीखी झड़प में कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई जवान घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगले 10 दिनों के लिए यूनिवर्सिटी बंद कर दी है और मिड-टर्म परीक्षाओं को भी टाल दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर दिया था, जिसे देर रात पुलिस बल ने मशक्कत के बाद खाली कराया। वहीं यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे यूनिवर्सिटी की छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। पुलिस प्रशासन (जालंधर रेंज) ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों और हिंसा करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

सोशल मीडिया पर फैली अफवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शुक्रवार रात कैंपस में रहने वाली एक छात्रा के साथ कथित रेप और बाद में आत्महत्या की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद तनाव पैदा हो गया।

इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध-प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हो गए और यूनिवर्सिटी प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

LPU ने 10 दिन के लिए कक्षाएं और परीक्षाएं स्थगित कीं

हालात को देखते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने 28 सितंबर 2026 से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि मिडटर्म परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं और उनका नया शेड्यूल बाद में UMS पोर्टल के जरिए जारी किया जाएगा।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने जारी किया नोटिस 10 दिन स्कूल बंद

छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी

विश्वविद्यालय ने छात्रों को विकल्प दिया है कि वे चाहें तो इन 10 दिनों के दौरान अपने अभिभावकों के पास जा सकते हैं।

वहीं, जो छात्र हॉस्टल में रह रहे हैं, उन्हें परिसर के अंदर ही रहने और अगली सूचना तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

छात्रों का प्रदर्शन, नेशनल हाईवे भी किया जाम

शनिवार सुबह से छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया। दिन में पुलिस ने हालात पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन बाद में प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। विरोध के दौरान कैंपस में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

SSP बोले- झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया। मामले को लेकर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अफवाहों को बताया निराधार

एलपीयू प्रशासन ने कैंपस में रेप और छात्रा की मौत से जुड़ी वायरल खबरों को सिरे से खारिज किया है। रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कई बातें तथ्यहीन हैं और कुछ लोग जानबूझकर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक बयान पर ही भरोसा करें।

पुलिस करेगी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि छात्रों की शिकायत मिलने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी, ताकि वायरल दावों की सच्चाई सामने लाई जा सके।

SIT की तैयारी, धरना अब भी जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने पर भी विचार कर रही है। उधर, कैंपस के बाहर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रशासन, पंजाब पुलिस और छात्र प्रतिनिधियों के बीच लगातार वार्ता चल रही है ताकि तनाव कम हो और स्थिति सामान्य हो सके।

बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल टली, IBA-UFBU बैठक में बनी सहमति, जानें क्या बदला

बहरों को जगाने के लिए असेंबली में फेंका बम, 23 साल के भगत सिंह की हूंकार से कांप उठी थी ब्रिटिश हुकुमत

LPU में फिर मचा बवाल! बेकाबू भीड़ ने की तोड़फोड़, कई वाहनों को किया आग के हवाले

मुंबई पुलिस ने अभिजीत दीपके को दिखाया ठेंगा! प्रोटेस्ट की नहीं मिली इजाजत, CJP प्रमुख ने बताया अगला प्लान

CEC Resignation Rule: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के बाद कैसे चलता है चुनाव आयोग? VIDEO