Chandigarh ETT Teachers Detained: चंडीगढ़ में ETT (एलिमेंट्री टीचर ट्रेनिंग) टीचर्स यूनियन के 180 सदस्य अपने परिवारों के साथ पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा के घर के बाहर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
सभी शिक्षकों का कहना है कि जब 2016 में जो शिक्षकों की भर्ती हुई थी, उसमें प्रक्रिया में गड़बड़ी के दौरान सभी शिक्षकों को निकाल दिया गया था। लेकिन एक क्लर्क को बचा लिया गया था। शिक्षकों का दावा है कि गड़बड़ी उसी क्लर्क के कारण हुई थी फिर भी उसे बचाया गया। इसलिए सभी शिक्षक क्लर्क को निलंबित करने की मांग लेकर वित्त मंत्री के घर का घेराव करने पहुंचे है।
एक प्रदर्शनकारी ने बताया, कि "हमें असल में 2016 में भर्ती किया गया था, लेकिन बाद में भर्ती प्रक्रिया में कमियों के आधार पर हमें नौकरी से निकाल दिया गया। बाद में, कोर्ट के आदेश पर हमें फिर से नौकरी पर रखा गया। हालांकि, आम आदमी पार्टी की सरकार ने विभाग के एक क्लर्क के साथ मिलीभगत करके हमें बहाल करते समय उस क्लर्क को बचाया। अब, एक IAS रिपोर्ट में कहा गया है कि यह समस्या क्लर्क की गलती की वजह से हुई थी और इसमें हम 180 ETT शिक्षकों की कोई गलती नहीं थी। फिर भी, पिछले हफ्ते कई मीटिंग्स के बावजूद हमें कोई न्याय नहीं मिला। हम न्याय की उम्मीद में चंडीगढ़ आए थे, लेकिन हमारे शिक्षकों के साथ मारपीट और हिंसा की जा रही है।"
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम शिक्षा विभाग के उस क्लर्क को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं जिसने अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए इतना बड़ा घोटाला किया। हम अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। शिक्षा मंत्री और वित्त मंत्री का कहना है कि उनके पास क्लर्क को सस्पेंड करने का अधिकार नहीं है और वे मुख्यमंत्री के साथ बैठक कराने का वादा करते हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है। वे बस बहाने बना रहे हैं। हम 10 साल से न्याय की मांग कर रहे हैं।"