राहुल गांधी के नामकरण को लेकर सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी के बीच हुई थी बहस।
सोनिया ने कहा था- राहुल सिर्फ आपका पोता नहीं, मेरा बेटा भी है।
इंदिरा गांधी ने बाद में मांगी थी माफी, सोनिया ने आत्मकथा में साझा किया पुराना किस्सा।
Dispute Between Sonia Indira Gandhi Over Rahul Gandhi Name: कांग्रेस की वरिष्ठ और संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी के बचपन से जुड़ा एक पुराना वाकया साझा किया। उन्होंने बताया कि राहुल के जन्म के लगभग एक साल बाद उनके नामकरण की तैयारी चल रही थी। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कार्यक्रम की जिम्मेदारी खुद संभाल ली थी और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर ध्यान दे रही थीं।
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी नामकरण के लिए पंडित को बुलाने से लेकर अन्य रस्मों की तैयारियां भी खुद करवा रही थीं। यह देखकर सोनिया ने अपनी बात रखते हुए कहा था, वह सिर्फ आपका पोता नहीं, मेरा बेटा भी है। दरअसल, सोनिया चाहती थीं कि बेटे के नामकरण से जुड़े फैसलों में उनकी राय और पसंद को भी महत्व दिया जाए।
राहुल गांधी के जन्म और नामांकरण के किस्सों को साझा करते हुए इंदिरा गांधी ने बताया कि राहुल के नामांकरण के मुद्दे पर दोनों के बीच कुछ मतभेद भी हुए। हालांकि, बाद में इंदिरा गांधी ने अपनी बात को समझते हुए माफी मांग ली थी। उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय तक जिम्मेदार पद पर रहने के कारण उन्हें दूसरों को निर्देश देने की आदत पड़ गई थी और इस दौरान वह सोनिया की भावनाओं को समझ नहीं पाईं।
आत्मकथा में सोनिया ने इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्तों के शुरुआती दौर का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह अपनी सास के सामने काफी संकोच महसूस करती थीं। उन्हें इंदिरा गांधी को मां कहकर संबोधित करने में भी वक्त लगा। हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। सोनिया ने बताया कि इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व से उन्होंने अनुशासन, समय की अहमियत, मुश्किल परिस्थितियों में साहस बनाए रखना और अपने फैसलों पर दृढ़ रहना जैसे कई महत्वपूर्ण गुण सीखे।
राहुल गांधी के नामकरण से जुड़ा यह प्रसंग सोनिया गांधी की आत्मकथा में दर्ज निजी यादों में से एक है, जो इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के पारिवारिक रिश्तों के एक अलग पहलू को सामने लाता है।
सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love उनके निजी जीवन, पारिवारिक रिश्तों और राजनीतिक सफर की कहानी बयां करती है। इसमें इटली में बीते बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात और शादी के बाद भारत आने से लेकर इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों तक के अनुभव शामिल हैं।
किताब में संजय गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खोने का दर्द भी साझा किया गया है। इसके अलावा इमरजेंसी, 1984 के दंगे, बाबरी मस्जिद विध्वंस और राजनीति में सोनिया की भूमिका का जिक्र है। यह किताब प्रेम, संघर्ष, जिम्मेदारी और भारतीय राजनीति के कई अनकहे पहलुओं को सामने लाती है।