ओडिशा पूर्व सीएम नवीन पटनायक  सोर्स-सोशल मीडिया
ओडिशा

ओडिशा पूर्व सीएम नवीन पटनायक के विदेश दौरों की जांच के आदेश, मौजूदा सरकार के दौरों की जांच की भी उठी मांग

Odisha Naveen Patnaik: सीएम मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी V.K पांडियन और IPS रवि कांत की वर्ष 2022 से 2024 के बीच हुई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं।

आशीष शुक्ला

Highlights:

  • जांच के घेरे में ओड़िसा के पूर्व सीएम

  • 2022 से 2024 के बीच हुई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश

  • विपक्ष ने उठाया सीएम मोहन चरण माझी के दौरों की जांच की मांग

Odisha Former Chief Minister Naveen Patnaik Foreign Tours: ओडिशा की राजनीति में विदेश यात्राओं को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वी.के. पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की वर्ष 2022 से 2024 के बीच हुई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं। इन दौरों के खर्च और उनसे जुड़ी जानकारियों में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए गए थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से शनिवार को जारी बयान के मुताबिक, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव इस पूरे मामले की जांच करेंगे। जांच के दायरे में वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान हुई जापान तथा इटली की यात्राएं शामिल होंगी।

RTI से मिली जानकारी के बाद उठे सवाल

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सूचना का अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन विदेश यात्राओं पर हुए खर्च को लेकर आपत्ति जताई थी। उनका कहना है कि उपलब्ध जानकारी अधूरी और स्पष्ट नहीं है।

CMO के बयान में भी कहा गया कि RTI के जरिए सामने आए यात्रा खर्च के आंकड़ों में कई विसंगतियां दिखाई दी हैं। विदेश दौरों से संबंधित सूचनाओं को कथित तौर पर गोपनीय रखे जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन्हीं सवालों की वास्तविकता सामने लाने के लिए मुख्यमंत्री ने जांच का फैसला लिया है।

BJD ने जांच का किया स्वागत, माझी सरकार से भी मांगा हिसाब

इस मामले पर विपक्षी बीजू जनता दल ने जांच के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, पार्टी ने मांग की है कि जांच का दायरा केवल पूर्व मुख्यमंत्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए। मौजूदा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उनके मंत्रियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं की भी पड़ताल होनी चाहिए।

BJD के मीडिया समन्वयक लेनिन मोहंती ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर रही है। उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि वह वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे मामलों को राजनीतिक रूप दे रही है।

नवीन पटनायक की इटली और जापान यात्रा पर BJD ने दी सफाई

BJD नेता लेनिन मोहंती के मुताबिक, नवीन पटनायक ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में आधिकारिक तौर पर केवल दो बार विदेश यात्रा की थी।

उन्होंने बताया कि जून 2022 में पटनायक इटली गए थे, जहां उन्होंने विश्व खाद्य कार्यक्रम से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस यात्रा का उद्देश्य गरीबी कम करने के क्षेत्र में ओडिशा की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना था।

इसके बाद अप्रैल 2023 में नवीन पटनायक ने जापान का दौरा किया था। BJD का दावा है कि इस यात्रा से ओडिशा में आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील परियोजना लाने के प्रयासों को गति मिली थी। मोहंती ने मौजूदा सरकार पर इस औद्योगिक परियोजना को प्रभावी ढंग से आगे नहीं बढ़ा पाने का भी आरोप लगाया।

राजनीतिक बयानबाजी के बीच पारदर्शिता की मांग

BJD ने दोहराया है कि अगर पूर्व सरकार के कार्यकाल की विदेश यात्राओं और उनके खर्चों की जांच हो रही है, तो वर्तमान सरकार के दौरों को भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।

फिलहाल, मुख्यमंत्री द्वारा आदेशित जांच के बाद ही विदेश यात्राओं से जुड़े खर्चों और कथित अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मामा की बेटी से शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट में बड़ी सुनवाई, जानें पूरा मामला

Aaj Ka Mausam: मौसम का बदला मिजाज, पूर्वोत्तर में भारी बारिश, दिल्ली-यूपी में कोहरा; कई राज्यों में बदला मौसम

क्रिकेट के मैदान से सियासत तक चहल की नई पारी! BJP में बड़ी जिम्मेदारी मिलते ही आया पहला रिएक्शन

LPG गैस वाले सावधान! 75 लाख ग्राहकों के कटे नाम; तुरंत करें ये काम, नहीं तो कट जाएगा आपका नाम

रेलवे का बड़ा फैसला! ग्रुप टिकट के नियम बदले, जानें अब एक साथ कितनी सीटें बुक होंगी?