NF Railway Affected Trains: 11 नवंबर को डिगारू रेलवे स्टेशन पर सिग्नल पासिंग/स्पीड कंट्रोल न होने से कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच डिरेल हुए। हादसे के बाद जन शताब्दी समेत कई ट्रेनें रोकी गईं।
रेलवे प्राधिकरण ने हादसे को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया। इस बयान के अनुसार, 11 नवंबर को सुबह लगभग 06:54 बजे, जब ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता - सैरांग एक्सप्रेस को असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था, तब लोको पायलट गति को नियंत्रित नहीं कर सके। इसके परिणामस्वरूप ट्रेन पटरी से उतर गई, जिसमें इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए।
रेलवे के अनुसार, हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं।
एन. एफ. रेलवे के महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बहाली कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। असम के गुवाहाटी में इस घटना के कारण, इन ट्रेनों के परिचालन को नियंत्रित किया गया है।
ट्रेन संख्या 12067 (गुवाहाटी - जोरहाट टाउन) जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया है।
ट्रेन संख्या 15627 (कोयंबटूर - सिलचर) एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे का जायजा लिया। उन्होंने अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर ट्वीट किया, "सभी यात्री सुरक्षित हैं। 4 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। हम इस स्थिति को लेकर रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी चीजें उपलब्ध करा दी गई हैं और आगे की यात्रा के लिए एक वैकल्पिक ट्रेन का इंतजाम किया गया है।"
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन के जरिए उनकी मंजिल तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
असम हादसे के दौरान मौजूद एक यात्री ने बताया, "हादसे के बाद हमने बाहर निकलने की कोशिश की। लेकिन डिब्बों के बीच जगह बहुत कम थी, जिससे काफी मुश्किल हुई। हालांकि, हमें ले जाने के लिए सैरंग से एक ट्रेन आ रही है।"