प्रभाग 24 में स्वच्छता व्यवस्था चरमराई 
यवतमाल

प्रभाग 24 में स्वच्छता व्यवस्था चरमराई, नालियों की गंदगी और कचरे से बढ़ी बीमारियों की आशंका

Yavatmal Sanitation Issue: यवतमाल नगर परिषद के प्रभाग 24 में नालियों की गंदगी, सड़कों पर फैले कचरे और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से नागरिक परेशान हैं। सफाई व्यवस्था ठप, बीमारियों का खतरा बढ़ा।

आंचल लोखंडे

Yavatmal News: यवतमाल नगर परिषद के प्रभाग क्रमांक 24 में साफ-सफाई की बदहाली को लेकर नागरिकों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इस प्रभाग के अंतर्गत कृषिनगर, ओम कॉलोनी, सरस्वती नगर, महादेवनगर समेत छह से सात कॉलोनियां आती हैं। इन सभी क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं की गई है। नालियों में गंदा पानी और कचरा जमा होने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है।

नागरिकों ने बताया कि शाम होते ही मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ जाती है कि घरों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी केवल नाम मात्र की सफाई कर रहे हैं। नालियां बंद होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बन गया है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। नागरिकों को डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा सताने लगा है।

मैदान पर जंगली घास उग आई

इसी प्रभाग में नागरिकों के मनोरंजन और बच्चों के खेलकूद के लिए नगर परिषद द्वारा एक मैदान बनाया गया था। प्रारंभिक दिनों में यह मैदान लोगों के आकर्षण का केंद्र था, परंतु अब इसकी स्थिति दयनीय हो चुकी है। मैदान पर जंगली घास उग आई है, जिसकी कटाई-छंटाई की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। बच्चों और युवाओं के लिए स्वच्छ व सुरक्षित खेल मैदान उपलब्ध नहीं है।

घरेलू कचरे के निपटान की बात करें तो घर-घर से कचरा तो नियमित रूप से उठाया जा रहा है, लेकिन सड़कों के किनारे जमा कचरे की सफाई पूरी तरह उपेक्षित है। यह कचरा हवा में उड़कर पूरे क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। बारिश के दिनों में यही कचरा नालियों में बहकर जाम की स्थिति पैदा करता है।

निगम कार्यालय के सामने आंदोलन की चेतावनी

नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कुछ नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सफाई की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से नगर परिषद कार्यालय के सामने आंदोलन करेंगे।

स्थानीय सामाजिक संस्थाओं और युवाओं ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्रभाग 24 में नियमित नाली सफाई, मैदान की घास की कटाई तथा सड़कों के किनारे पड़े कचरे की तुरंत सफाई की जाए। साथ ही, मच्छर नियंत्रण के लिए दवा छिड़काव की भी आवश्यकता बताई गई है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

MLC Election Results: सभी सीटों के परिणाम जारी, यहां देखें पूरी लिस्ट; नागपुर और वाराणसी में फंसा पेच

Cyclone Arnab Update: 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं, अब इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

6,337 वाली दवा अब 1,495 में मिलेगी, कैंसर की किन दवाओं के कितने घटे दाम? देखें लिस्ट

BIG BREAKING: CJP ने दिया कांग्रेस के 1 नवंबर की महारैली को समर्थन, अभिजीत दिपके ने किया ऐलान

Seva First Innovation: महाराष्ट्र में इनोवेशन चैलेंज की धूम, 7,952 नए विचार पेश; 30 अक्टूबर तक करें आवेदन