भीषण टक्कर (फोटो सोर्स - नवभारत) 
यवतमाल

यवतमाल के पास ट्रैवलर और माजदा में भीषण भिड़ंत, चालक की मौके पर ही मौत, चार गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज

Yavatmal Road Accident: यवतमाल के नेर-अमरावती रोड पर वाटफजली के पास ट्रैवलर और माजदा वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैवलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

रूपम सिंह

Ner Amravati Road Accident: यवतमाल जिले के नेर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर अमरावती रोड स्थित वाटफजली के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैवलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह लगभग 6 बजे हुई इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेर से किराना सामान लेकर नांदगांव की ओर जा रहा स्वराज माजदा वाहन (एमएच-27-एक्स-8453) और अमरावती की दिशा से नेर की ओर आ रही ट्रैवलर (एमपी-09-बीए-5587) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में ट्रैवलर चालक रमेश चित्तोडिया (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।

हादसे में स्वराज माजदा चालक मुनाफ खान जाहिद खान (56), वेजंती चित्तोडिया (19), कविता चित्तोडिया (25) सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर नेर पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए  नेर के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार, मुनाफ खान को सीने और कमर के नीचे गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए यवतमाल के शासकीय अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

दुर्घटना के चलते अमरावती-नेर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू किया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया था। नेर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

देश की पहली डिजिटल जनगणना का पूरा शेड्यूल जारी, UP-पंजाब समेत इन राज्यों में अभी नहीं होगी गिनती

कुछ BJP नेताओं ने ही मणिपुर में करवाए दंगे, बीरेन सिंह ने कहा- मुझे हटाने के लिए रची साजिश

Kal Ka Mausam: अक्टूबर के आखिरी दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश की चेतावनी

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, बेंगलुरु के 5 यात्रियों की भी मौत

सुप्रीम कोर्ट में बड़े वकीलों की मोनोपोली पर बहस, कौन हैं भारत के 10 सबसे महंगे वकील? देखें लिस्ट