Wardha Prahar Organization Controversy: आर्वी विधानसभा क्षेत्र में प्रहार संगठन के प्रमुख नेता जय बेलखड़े के संगठन से अलग होने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। बेलखड़े ने 8 अगस्त की रात संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री बच्चू कडू से मुलाकात के बाद अपने सभी पदों से इस्तीफा देने की जानकारी दी। वहीं, इसके अगले ही दिन 9 अगस्त को वर्धा जिला प्रहार संगठन की ओर से एक पत्र जारी कर बेलखड़े को संगठन से निष्कासित किए जाने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त को कारंजा में शिवसेना शिंदे गुट की ओर से नगर पंचायत के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में बच्चू कडू प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इसी दौरान एक रेस्टोरेंट में बेलखड़े ने उनसे मुलाकात की। बताया जाता है कि बेलखड़े ने संगठन के सभी पदों से इस्तीफा सौंप दिया। जय बेलखड़े आर्वी विधानसभा क्षेत्र में प्रहार संगठन के विस्तार में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा था और करीब 14 हजार से अधिक मत प्राप्त किए थे। बेलखड़े ने कहा कि उन्हें निष्कासन संबंधी कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वयं प्रहार संगठन से इस्तीफा दिया है और अब संगठन से उनका कोई संबंध नहीं है।
बताया जा रहा है कि कारंजा नगर पंचायत में शिंदे गुट के पदाधिकारियों के साथ राजनीतिक मतभेदों के चलते कार्यक्रम के निमंत्रण को लेकर भी नाराजगी थी। हालांकि, इस संबंध में संगठन की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। 9 अगस्त को जिला प्रहार संगठन की ओर से जारी पत्र में बेलखड़े को संगठन से निष्कासित करने की जानकारी दी गई और उनका संगठन से कोई संबंध नहीं होने की बात कही गई।