Ulhasnagar Municipal Corporation: शिवसेना (शिंदे) नेता एवं उल्हासनगर मनपा की महापौर अश्विनी निकम के पति कमलेश निकम के भाजपा अध्यक्ष विधायक रविंद्र चव्हाण के बारे में दिए गए विवादित बयान को लेकर उत्तराभारतीय में आक्रोश बढ़ता जा रहा हैं ।
उल्हासनगर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश पाठक ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ एक पत्रकार परिषद आयोजित कर तीखा पलटवार किया। पाठक ने आरोप लगाया कि निकम की बयानबाजी से उत्तर भारतीय समाज में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है और हम कमलेश निकम का काला मुंह करके शहर में घुमाने वाले है। और आने वाले चुनाव में शिवसेना को इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने निकम की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और कब किस राजनीतिक दल के साथ खड़े नजर आएंगे, इसका किसी को पता नहीं रहता। पाठक ने आरोप लगाया कि निकम पहले जिन लोगों के खिलाफ बयान देते हैं, बाद में उन्हीं के साथ खड़े होकर माफी मांगते हैं और यह सफाई देते हैं कि उन्हें साहब के कहने पर बोलना पड़ा था।
राकेश पाठक ने कहा कि कमलेश निकम ने हमारे नेता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण जी के बारे में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, उसे भाजपा कार्यकर्ता और उत्तर भारतीय समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि निकम को अपने बयान का राजनीतिक खामियाजा आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
इसी दौरान पाठक ने बेहद आक्रामक तेवर दिखाते हुए निकम के मुंह पर कालिख पोतकर शहर में घुमाने की चेतावनी भी दी। पाठक के इस बयान के बाद उल्हासनगर में भाजपा और शिवसेना (शिंदे) गुट के बीच चल रही सियासी तनातनी और तीव्र होने के संकेत मिल रहे हैं।