SSC Result 2026: गरीबी, अव्यवस्था, घर में अशिक्षा आदि विपरित परिस्थितियों पर मात करते हुए ठाणे के कई बच्चों ने एकलव्य की भांति 10 वीं की बोर्ड परीक्षा में सफलता के झंडे गाड़े हैं। अत्यंत ख़राब आर्थिक हालात के बावजूद, राबोडी की रहने वाली छात्रा ज़ोया अरफुद्दीन शेख ने 86% प्रतिशत लाया है। जोया की मां घरों में काम कर गुजारा करती है। इसी तरह ठाणे के अलग-अलग स्कूलों के एकलव्य स्टूडेंट्स ने इस साल Class 10th के एग्जाम में बड़ी सफलता हासिल की है।
कलवा पाइप लाइन की एक बहुत गरीब झोपड़पट्टी में रहने वाले आयुष मौर्य 66%, कंचन हरिजन 44%, आंचल बेचन सिंह 63%, हिमांशु गौतम 66% ने बहुत मुश्किल आर्थिक और सामाजिक हालात का सामना करते हुए 10 वीं परीक्षा पास की। राबोडी की इशरत शेख ने 92% नंबर लाकर स्कूल में पहला स्थान पाया है, उसकी माँ हाउसवाइफ है और पिता दर्जी हैं। उसने एक छोटे से किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई की है।
केवणी दिवा के एम.एच. विद्यालय की ग्रीष्मा पाटिल ने 71% नंबर ऐसे हालात में पाए हैं कि उसके पिता ज़िंदा नहीं हैं, उसकी मां लोगों के कपड़े धोने का काम करती है। ठाणे के एम.एच. विद्यालय की सोनल जेटी के पिता नहीं हैं और उसकी माँ हाउसवाइफ है, वह खारटन रोड पर एक पतरे के घर में रहती है और उसे 52% नंबर मिले हैं। गरीबी पर मात करते हुए रमाबाई अंबेडकर नगर की अदिति गरद ने 70% नंबर, यश घोंगड़े ने 61%, परिणीता उबाले ने 61%, साहिल पाटेकर ने 55%, संस्कृति काले ने 50% नंबर लाकर 10वीं की परीक्षा पास की है।
ठाणे महानगरपालिका के स्कूलों के एकलव्य स्टूडेंट्स ने भी अच्छे नंबरों से 10वीं पास की है। इनमें कई एकलव्य, जिनकी माताएं घर का काम करती हैं, जबकि पिता कॉन्ट्रैक्ट या डेली वेज वर्कर या रिक्शा ड्राइवर हैं। जिनके घर में पढ़ाई का कोई माहौल नहीं है। मानपाड़ा में चैतन्य भुईगड़ 67%, बसुराज अटपटकर 67%, तमन्ना सोनवणे 74%, ममता चंदनशिवे 69%, सोहम जाधव 78%, किसान नगर में प्रकाश सालुंखे 77% प्रतिशत अंक लाया है।
यह भी पढ़ें: Maharashtra SSC Result: 179 छात्रों को मिले परफेक्ट 100%, कोंकण ने फिर मारी बाजी; जानें अपने शहर का हाल
गरीब बच्चों को शिक्षा के लिए मदद करने वाली समता विचार प्रसारक संस्था की प्रेसिडेंट हर्षलता कदम ने कहा कि इन बच्चों को एकलव्य गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। विपरित परिस्थितियों का सामना करते हुए पढ़ाई कर हुए 10वीं क्लास तक पहुँचने और सफल होने वाले इन जैसे बच्चों की मदद समता विचारक संस्था करती है। सेक्रेटरी लतिका ने बताया कि संस्था के माध्यम से गरीब बच्चों के लिए सभी स्कूलों में मैथ, साइंस और इंग्लिश सब्जेक्ट के लिए 'हाउ टू पास' कैंप भी लगाया जाता है।