ठाणे जिले में आग की घटनाओं के बाद 8 जनवरी 2027 तक रॉकेट बैन है।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सख्त आदेश जारी किया है।
नियम का उल्लंघन करने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Thane Rocket Ban Aerial Firecrackers Restricted: ठाणे जिले में आकाशीय पटाखों और रॉकेट के कारण लगातार बढ़ रही आग की दुर्घटनाओं को अत्यंत गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
ठाणे के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने एक विशेष आदेश जारी कर पूरे जिले में रॉकेट और इसी तरह के हवा में उड़ने वाले आकाशीय पटाखों के उपयोग पर 8 जनवरी 2027 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को ठाणे जिले में 11 अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन कक्ष की प्राथमिक जांच रिपोर्ट में यह पाया गया कि कई नागरिक रिहायशी इमारतों की टेरेस, बालकोनी, रिफ्यूज एरिया और पार्किंग से रॉकेट उड़ा रहे थे।
कुछ स्थानों पर नागरिकों द्वारा हाथ में पकड़कर असुरक्षित तरीके से रॉकेट छोड़ने की खतरनाक आदतें भी सामने आईं। जलते हुए रॉकेट के अवशेष आवासीय परिसरों और ज्वलनशील पदार्थों पर गिरने से कई जगह आग लगी, जिससे सार्वजनिक व निजी संपत्ति को बड़ा नुकसान पहुंचा और मानवी जीवन पर गंभीर संकट खड़ा हो गया।
स्थिति की गंभीरता और संभावित आपदाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 26(2), 30 और 34(m) के साथ-साथ BNSS, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश में साफ चेतावनी दी गई है कि नियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 और 60 के तहत दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह प्रतिबंध केवल ठाणे शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, भिवंडी-निज़ामपुर और ठाणे ग्रामीण के समस्त क्षेत्रों में समान रूप से लागू रहेगा। पुलिस विभाग, स्थानीय निकायों और अग्निशमन दल को इसकी कठोर अंमलबजावणी के निर्देश दिए गए हैं, जबकि हाउसिंग सोसायटियों को अपने निवासियों को सूचित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी पटाखों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। आम नागरिक प्रचलित कायदों, सक्षम प्राधिकारियों के निर्देशों और अदालती आदेशों के अधीन रहते हुए सामान्य पटाखे जला सकते हैं; रोक केवल हवा में उड़ने वाले रॉकेट और आकाशीय पटाखों पर ही लागू है।