Thirty Years With Devotion: सांस्कृतिक विकास मंच के तत्वावधान में श्रावण मास के दौरान आयोजित गोस्वामी तुलसीदास कृत श्रीरामचरितमानस के मास पारायण के 30 वें वर्ष का विश्रांति समारोह श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं पूर्व नगरसेवक स्व. दीनानाथ दूबे की परंपरा को याद किया गया।
समारोह में समाज के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों ने उपस्थित होकर आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर रामायण ग्रंथ, सुंदरकांड, आरती संग्रह एवं हनुमान चालीसा का श्रद्धालुओं में वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा समाज की अनेक प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उद्योगपति एवं वरिष्ठ समाजसेवी पंकज मिश्र, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष आर.डी. यादव, मेट्रो हॉस्पिटल के संचालक डॉ. ओ.के. मिश्र, साईं, टाइटन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रदीप त्रिपाठी, भाजपा ठाणे जिला महासचिव विक्रम भोईर, डॉक्टर फेडरेशन ठाणे के अध्यक्ष डॉ. अशोक तिवारी, नगरसेवक योगेश जानकर, अमित सरैया एवं नगरसेविका अनीता दयाशंकर यादव सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी के.पी. मिश्रा, के.आर. सिंह,विजय सिंह, दयाशंकर यादव, सुरेंद्र मिश्र, सुरेंद्र चौबे, वशिष्ठ नारायण मिश्र, कमलेश मिश्र, संतोष मिश्रा, रीना सिंह, पूजा दूबे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था अध्यक्ष श्रीकांत दूबे ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। समारोह का संचालन संजय दुबे ने किया।
ठाणे शहर में आयोजन की सफलता में अध्यक्ष श्रीकांत दूबे के साथ महासचिव मनोज पाण्डेय, दारासिंग नेगी, कोषाध्यक्ष फूलचंद जायसवाल,रिंकू दुबे तथा संस्था के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया।
पूरे माह धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने में पं. ओमप्रकाश उपाध्याय, पं. आलोक तिवारी, पं. ओमकार तिवारी एवं वाद्य वादक शिवकुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जाने माने लोकगायक शिवम पांडेय एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भजनों से लोग मंत्रमुग्ध हो गए। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, समाजसेवियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था अध्यक्ष श्रीकांत दूबे के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में सत्यनारायण महापूजा, महायज्ञ, महाआरती एवं सुमधुर भजनों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।