लोगों से मुलाकात करते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (फोटो नवभारत)
ठाणे

ठाणे की 17 मंजिला इमारत में भीषण आग, 8वीं से 14वीं मंजिल तक फैली लपटें; फायर ब्रिगेड ने 50 लोगों की जान बचाई

Thane Raheja Carline Building Fire: दिवाली की रात ठाणे की रहेजा कार्लाइन इमारत में आग आठवीं से 14वीं मंजिल तक फैल गई। रेस्क्यू टीम ने 50 लोगों और पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आलोक उमाकृष्ण

Highlights

  • लपटें फैलकर 14वीं मंजिल तक पहुंच गई थीं।

  • बचाव अभियान में ठाणे मनपा की टीडीआरएफ टीम भी शामिल रही।

  • लोगों को रिफ्यूजी एरिया और छत पर सुरक्षित रहने की सलाह दी गई।

  • बचाव के लिए ड्रोन, स्ट्रेचर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल हुआ।

Raheja Carline Building 50 People Rescued: दिवाली की खुशियां उस समय दहशत अफरातफरी में बदल गईं, जब ठाणे के रहेजा गार्डन स्थित 17 मंजिला रहेजा कार्लाइन इमारत में भीषण आग लग गई। दीवाली की रात में इमारत की आठवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी आग देखते ही देखते 14वीं मंजिल तक फैल गई। आग और धुएं के बीच ऊपरी मंजिलों पर फंसे करीब 50 लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ गई।

कई घंटों तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सभी 50 रहिवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। इमारत में मौजूद पालतू कुत्तों और बिल्लियों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

रिफ्यूजी एरिया से बची जान

इमारत में आग तेजी से फैलते देख लोग रिफ्यूजी एरिया में पहुंच गए। इस बीच अग्निशमन दल और ठाणे मनपा की टीडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कई फ्लैटों का सामान जलकर राख हो गया और उनकी दीवाली काली हो गई।

शिंदे ने संभाला मोर्चा

ठाणे में आग लगने की घटना का समाचार सुनते ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्वयं घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके साथ सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रवींद्र फाटक, निरंजन डावखरे, ठाणे मनपा आयुक्त सौरभ राव, नगरसेवक विकास रेपाले व अन्य नेता स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे।डिप्टी सीएम शिंदे ने इमारत में फंसे लोगों से संवाद कर उन्हें हिम्मत दी और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मार्गदर्शन किया।

नागरिकों को इमारत के रिफ्यूजी एरिया और छत पर पहुंचकर सुरक्षित रहने के निर्देश दिए गए।आग के कारण पूरी इमारत में धुआं फैल गया था, जिससे लिफ्ट का इस्तेमाल करना संभव नहीं था। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ियों, बचाव उपकरणों और स्ट्रेचर की मदद से लोगों को बाहर निकाला।

बचाव अभियान के दौरान अत्याधुनिक ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। इसकी मदद से यह पता लगाने में आसानी हुई कि लोग किन मंजिलों पर फंसे हुए हैं। अग्निशमन दल और टीडीआरएफ के जवानों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित निकाला।

तीन महीने के लिए प्रतिबंध

फिलहाल आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आग पटाखों की वजह से लगी या शॉर्ट सर्किट के कारण। हालांकि, दिवाली के दौरान ठाणे शहर और जिले में आग की कई घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।

जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने पूरे ठाणे जिले में हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट चलाने पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।

यह प्रतिबंध बड़ी इमारतों के आसपास, पार्किंग स्थलों और खुले मैदानों सहित संबंधित क्षेत्रों में लागू रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, समूह या संस्था के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके पालन की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासन को सौंपी गई है।

सुरक्षा को लेकर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास व्यवस्था और पटाखों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दिवाली जैसे त्योहार पर थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है, रहेजा कार्लाइन की यह घटना उसका बड़ा उदाहरण है। हालांकि, समय पर पहुंची राहत टीमों और समन्वित बचाव अभियान के चलते 50 लोगों की जान बच गई।

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में