ठाणे मेट्रो-4 के मोडेला चेकनाका से तीन हाथ नाका हिस्से में काम तेज।
दिसंबर तक चुनिंदा स्टेशनों पर मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना।
मेट्रो के काम के चलते मोडेला चेकनाका पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू।
MMRDA Thane Project: ठाणेकरों के लिए बहुप्रतिक्षित मेट्रो-4 परियोजना को आखिरकार गति मिलती नजर आ रही है। एमएमआरडीए द्वारा मोडेला चेकनाका से घोडबंदर रोड स्थित गायमुख तक के 'वडाला-घाटकोपर-कासारवडवली' मेट्रो-4 कॉरिडोर पर ट्रायल रन जारी हैं। इसी कड़ी में अब 'मोडेला चेकनाका से तीन हाथ नाका' के अहम हिस्से पर मेट्रो के डिब्बों को पटरियों पर चढ़ाने का बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है।
प्रशासन की योजना इस साल दिसंबर तक ठाणे शहर के चुनिंदा स्टेशनों पर मेट्रो सेवा शुरू करने की है, जिससे सड़कों पर बढ़ने वाले यात्रियों का भारी दबाव कम हो सके। मेट्रो के डिब्बों को पटरियों पर चढ़ाने का काम मोडेला चेकनाका के पास भारत पेट्रोल पंप के नजदीक किया जाएगा।
इस दौरान यातायात बाधित न हो, इसलिए ठाणे यातायात पुलिस की अनुमति से बुधवार रात से इस पट्टे पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिए गए हैं। मुंबई और वागले इस्टेट के मार्ग क्रमांक 16 से मोडेला चेकनाका के रास्ते तीन हाथ नाका जंक्शन
की तरफ जाने वाले वाहनों का प्रवेश मोडेला चेकनाका पर प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों के आवागमन के लिए विपरीत दिशा के मार्ग पर एक अतिरिक्त लेन तैयार की गई है, जिसके जरिए ट्रैफिक को सुचारू रूप से डायवर्ट किया जा रहा है।
ठाणे शहर से रोजाना लाखों नौकरीपेशा लोग सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनों से या सड़क मार्ग से मुंबई जाते हैं। इस पृष्ठभूमि में, उपनगरीय रेलवे के यात्रियों का बोझ कम करने और सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम का विकल्प उपलब्ध कराने के लिए यह मेट्रो सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
बता दें कि पिछले साल सितंबर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में गायमुख से विजय गार्डन क्षेत्र तक मेट्रो का परीक्षण किया गया था।
हालांकि, इसके बाद काम की सुस्त रफ्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में नाराजगी देखने को मिली थी और पिछले महीने एनसीपी (एसपी) ने इस पर आंदोलन भी किया था।
बहरहाल, अब डिब्बों को पटरियों पर उतारने के इस नए चरण से मेट्रो सेवा के जल्द शुरू होने की उम्मीदें फिर से परवान चढ़ने लगी है।