

शिंदे ने INDIA गठबंधन को ‘दस मुखी रावण’ बताया, कांग्रेस पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप।
उद्धव ठाकरे ने फडणवीस को लॉरेंस बिश्नोई को जेल से लाने की चुनौती दी।
उद्धव ने मोदी-शाह पर निशाना साधा, किसानों और वोट चोरी के मुद्दे उठाए।
Eknath Shinde Uddhav Thackeray Shiv Sena Dussehra Rallies: मुंबई, नवभारत न्यूज नेटवर्क। शिवसेना के दशहरा कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' पर तीखा हमला बोलते हुए उसे 'दस मुखी रावण' बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के नाम पर भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहता है। शिंदे ने कांग्रेस पर देश को लूटने और मौजूदा सरकार के खिलाफ झूठा प्रचार करने का आरोप भी लगाया।
शिंदे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में कई घोटाले हुए, उन्होंने कॉमनवेल्थ, 2जी स्पेक्ट्रम, चारा, गोबर और अन्य कथित घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष आज भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सवाल उठाता है लेकिन उसे अपने शासनकाल का हिसाब भी देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे के विकास और अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष युवाओं के आंदोलनों और उनकी भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भड़काने के बजाय उन्हें कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने स्टार्टअप और कौशल विकास योजनाओं को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मोदी सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि पहले पाकिस्तान कश्मीर मांगता था। आतंकी हमलों के बाद भारत द्वारा केवल विरोध दर्ज कराया जाता था लेकिन अब पाकिस्तान कर्ज मांगता है, पानी मांगता है और भारत आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने पाकिस्तान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शिवसेना (यूबीटी) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अहमदाबाद जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को खींचकर लाने की चुनौती दी है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी-शाह ने 12 साल से देश पर जुल्म किया है और उन्हें अपने पाप का फल भुगतना ही पड़ेगा। ठाकरे ने दावा किया कि देश में रिजीम चेंज यानी सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार केवल मदद की घोषणाएं कर रही है, जबकि संकट से जूझ रहे किसानों को कुछ नहीं मिला है।
विजयादशमी के मौके पर दादर के शिवाजी पार्क में आयोजित दशहरा रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और अमित शाह का फाफड़ा-ढोकला खा रहा है। अगर फडणवीस में हिम्मत है तो उसे साबरमती जेल से खींचकर यहां लाएं।
मोदी और शाह ने 12 साल तक देश पर जुल्म किया है। जो पाप किया है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। उसका फल उन्हें भुगतना ही पड़ेगा। वोट चोरी करके सरकार बनाई जा रही है। राम मंदिर का दान चोरी हो रहा है। देश के 13 करोड़ लोगों को मताधिकार से वंचित कर दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। उनके निधन के बाद वे निर्दोष साबित हुए। जबकि चंपत राय को 2 महीने में जमानत मिल गई क्योंकि वह उनका है।
तिरंगा यात्रा निकालने वाले छात्रों को बेरहमी से पीटा जा रहा है। उन्हें जेल में डाला जा रहा है। अगर बच्चों की आवाज नहीं समझी गई तो हालात और खराब होंगे। उद्धव ने फिर दोहराया कि बीजेपी के साथ 25 साल के गठबंधन में शिवसेना सड गई। हम कट्टर हिंदुत्ववादी है। उनका हिदुत्व झूठा और दिखावा है।