अज़हर अली वोरा ने वर्ष 1989 में सर्वे नंबर 185/6 की जमीन खरीदी थी।
जमीन का क्षेत्रफल 2,810 वर्ग मीटर बताया गया है।
जमीन पर फर्जी दस्तावेजों से कब्जे का आरोप लगाया गया है।
परिसर में गैरेज और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत है।
Land Dispute Adani Electricity Power Supply Row: ठाणे जिले में भाईंदर पूर्व के नवघर में जमीन पर कथित कब्जे और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों का विवाद अब अडानी इलेक्ट्रिसिटी तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन के मित्र बताए जा रहे अज़हर अली वोरा ने वर्ष 1989 में सर्वे नंबर 185/6 की 2,810 वर्ग मीटर जमीन खरीदी थी।
शिकायत के अनुसार, ठाणे जिले में भाईंदर पूर्व के नवघर स्थित जमीन के एक हिस्से पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध कब्जा किया गया है। आरोप है कि कब्जा करने के बाद संबंधित परिसर में गैरेज संचालित किया जा रहा है और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं।
जमीन मालिक अज़हर अली वोरा की ओर से इस मामले को गंभीर बताते हुए विरोध जताया गया है।कथित अवैध कब्जे और गतिविधियों के खिलाफ भाईंदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। अब पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अज़हर अली वोरा ने जमीन पर कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अडानी इलेक्ट्रिसिटी से संबंधित परिसर की बिजली आपूर्ति बंद करने की मांग की थी। इस संबंध में मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की ओर से भी कंपनी को कई पत्र भेजे गए।
हालांकि, कंपनी ने नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान होने और सक्षम प्राधिकरण का आदेश नहीं होने का हवाला देते हुए बिजली काटने से इनकार कर दिया। इस जवाब पर वोरा के प्रतिनिधि अजय धोका ने आपत्ति जताई। उन्होंने कंपनी के जवाब को भ्रामक बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।