वरिष्ठ नेता प्रकाश महाजन ने थामा धनुष बाण, शिंदे गुट में शामिल (सौजन्यः सोशल मीडिया) 
ठाणे

MNS को बड़ा झटका: वरिष्ठ नेता प्रकाश महाजन ने थामा धनुष बाण, शिंदे गुट में शामिल

Maharashtra Political Update: MNS के वरिष्ठ नेता प्रकाश महाजन के शिवसेना शिंदे गुट में शामिल होने से राज ठाकरे की पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जिसका असर आने वाले चुनावों पर पड़ सकता है।

आंचल लोखंडे

Thane News: राज ठाकरे के करीबी और पक्के समर्थक माने जाने वाले प्रकाश महाजन पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) से नाराज़ चल रहे थे। इसी कारण उन्होंने कुछ दिन पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज थी कि महाजन आगे क्या कदम उठाएंगे। आखिरकार उन्होंने डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया।

बुधवार (25 दिसंबर) को प्रकाश महाजन ने एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर शिवसेना में शामिल होने की इच्छा जताई थी और गुरुवार को औपचारिक रूप से उन्होंने ‘धनुष-बाण’ थाम लिया। चुनाव से ठीक पहले शिंदे गुट की शिवसेना में उनकी एंट्री ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। यह शामिल होने की प्रक्रिया बिना किसी बड़े कार्यक्रम या धूमधाम के संपन्न हुई। अब यह देखना अहम होगा कि इस राजनीतिक घटनाक्रम का आने वाले चुनावों पर क्या असर पड़ता है।

राजनीति का लंबा अनुभव

प्रकाश महाजन MNS के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें राजनीति का लंबा अनुभव है। ऐसे में यह चर्चा भी जोरों पर है कि उन्हें शिवसेना शिंदे गुट में किसी अहम पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। जिस तरह भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत की है, उसी तरह अब शिवसेना शिंदे गुट भी अपनी राजनीतिक पैठ बढ़ाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।

दो बड़े झटके

राजनीतिक गलियारों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, बुधवार को शिवसेना ठाकरे गुट और MNS ने आधिकारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान किया था। इसके बाद MNS को महज दो दिनों में दो बड़े झटके लगे हैं। पार्टी के दो वरिष्ठ नेता शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। पिछले कई दिनों से आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर ठाकरे गुट और MNS के बीच गठबंधन की चर्चा चल रही थी, लेकिन आधिकारिक घोषणा बुधवार को ही की गई।

सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति अब तक नहीं

हालांकि गठबंधन की घोषणा के बावजूद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति अब तक नहीं बन पाई है। इसी बीच, जिस दिन गठबंधन का ऐलान हुआ, उसी दिन MNS के छत्रपति संभाजीनगर जिला प्रमुख सुमित खांबेकर ने शिवसेना शिंदे गुट का दामन थाम लिया। इसके अगले ही दिन अनुभवी नेता प्रकाश महाजन की एंट्री ने MNS को एक और बड़ा राजनीतिक झटका दे दिया है।

संगठन के निर्माण में योगदान देंगे

भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के भाई प्रकाश महाजन, राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के 2006 में गठन से ही इससे जुड़े हुए थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने इस साल की शुरुआत में पार्टी छोड़ दी थी। पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि महाजन शिवसेना के प्रवक्ता होंगे और संगठन के निर्माण में योगदान देंगे। महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतों की गिनती 16 जनवरी को होगी।

Vande Mataram Controversy: सोनिया गांधी के बचाव में कांग्रेस-TMC-DMK, CPI-M ने पूछा- पार्टी का रुख क्या है?

लगातार किया गया बदनाम...पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी की मौत पर छलका ममता बनर्जी का दर्द, कहा- झूठे आरोप लगाए गए

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोलियां; बंगाल में आशीष बनर्जी ने की आत्महत्या

बंगाल में CJP कार्यकर्ता के पिता की पीट-पीटकर हत्या, बीजेपी पर हमला कराने का आरोप; CM शुभेंदु का आया बयान

तिरंगे की शान में ड्यूटी निभाते हुए कांस्टेबल ए. धर्मराज ने गंवाई जान, CM विजय ने परिवार को दिए 30 लाख