Mira Road Man Holding Sickle Rainwater Dispute: मीरा रोड के पेनकर पाड़ा इलाके में भारी बारिश के दौरान घर में पानी घुसने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद कोयता निकलने तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग उठने लगी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला दो परिवारों के बीच का घरेलू विवाद है और किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
लगातार हो रही बारिश से बचाव के लिए एक परिवार अपने घर की छत और दीवारों पर प्लास्टिक लगा रहा था। इसी दौरान प्लास्टिक से बहता बारिश का पानी पड़ोसी के घर की ओर जाने लगा, जिससे दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने प्लास्टिक काटने के उद्देश्य से कोयता हाथ में उठा लिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद इसे हमला और हिंसा की घटना बताकर प्रसारित किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि मामला दो परिवारों के बीच का घरेलू विवाद था। पुलिस के अनुसार, कोयता प्लास्टिक काटने के लिए उठाया गया था और किसी पर हमला नहीं किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट वीडियो और भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।
यह भी पढ़ेः- ठाणे में 150 बालिकाओं का नि: शुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण पूरा, तीन चरणों में सफल हुआ अभियान
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद करने वाले दोनों पक्ष एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की और आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझा लिया। किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने इस मामले में कोई एफआईआर या अन्य कानूनी कार्रवाई दर्ज नहीं की।
काशीमीरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है और दोनों पक्षों को भविष्य में इस तरह का विवाद दोबारा न करने की कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो की सत्यता जाने बिना अफवाहें फैलाने से बचें।