Mira Road Attack ISIS Link: मीरारोड के नया नगर इलाके में सोमवार तड़के हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ता ( ए टी एस ) ने अब इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और इसे संभावित अकेला भेड़िया (लोन वुल्फ) आतंकी हमले के रूप में परखा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जैब जुबैर अंसारी (31) को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ठाणे जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 4 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि यह वारदात मीरारोड पूर्व स्थित वोकहार्ट अस्पताल के पीछे अस्मिता ग्रैंड मेंशन के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुई थी। उस समय ड्यूटी पर मौजूद दो सुरक्षा गार्ड, राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन पर आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले वहां पहुंचा और पास की मस्जिद का रास्ता पूछा। कुछ देर बाद लौटकर उसने एक गार्ड से उसका धर्म पूछा और फिर अचानक हमला कर दिया। इसके बाद वह सुरक्षा केबिन में गया, जहां दूसरे गार्ड से ‘कलमा’ पढ़ने को कहा। असमर्थ रहने पर उस पर भी हमला किया गया। दोनों घायल गार्डों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
जांच के दौरान आरोपी के घर से आईएसआईएस से जुड़े कथित हस्तलिखित नोट्स और कट्टरपंथी सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, एक नोट में आरोपी ने आतंकी संगठन में शामिल होने की इच्छा जताते हुए इस हमले को अपने लक्ष्य की दिशा में “ पहला कदम ” बताया है।
अधिकारियों ने बताया कि जैब जुबैर अंसारी विज्ञान में स्नातक है और कई वर्षों तक अमेरिका में रह चुका है, जहां उसका परिवार अभी भी निवास करता है।
एटीएस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, खासतौर पर यह जानने के लिए कि क्या आरोपी ने अकेले ही इस हमले की योजना बनाई या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है। इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में कट्टरपंथ और ‘ अकेला भेड़िया ’ हमलों के खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि मीरारोड में हुआ हमला प्रारंभिक जांच के आधार पर “स्व-उग्रपंथीकरण” ( सेल्फ रेडिकलाइजेशन) का मामला प्रतीत होता है। एटीएस इसकी गहराई से जांच कर रही है, इसमें एनआईए की मदद भी ली जाएगी।
इसी दौरान बीजेपी नेता किरीट सोमैया और विधायक नरेंद्र मेहता ने अस्पताल में जाकर घायल सुरक्षा गार्डों के तबियत का जायजा लिया। सोमैया ने बताया कि हमले में घायल राजकुमार मिश्रा की तबीयत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी भी बेहोशी की हालत में है। हिंदुओं में दहशत निर्माण करने के उद्देश्य से यह हमला किया गया है। पिछले कुछ वर्षों से महाराष्ट्र में जिहादी और आतंकी मानसिकता में वृद्धि हुई है। इन्हें बाहर से टेरर फंडिंग की जा रही है।
ये भी पढ़े: ठाणे में महायुति में टकराव तेज, बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता ने प्रताप सरनाईक पर लगाया भूमि कब्जे का आरोप
विधायक मेहता ने कहा कि मीरा -भाईंदर में इससे पूर्व भी कई आपराधिक घटनाएं घटित हुई हैं, लेकिन पहली बार किसी घटना की जांच में एटीएस शामिल हुई है। इससे यह मामला गंभीर लग रहा है।इसके तार कहीं और जुड़े हो सकते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शहर में शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।