मुंब्रा में 17 वर्ष की लड़की का हादसा (सोर्स: सोशल मीडिया) 
ठाणे

मुंब्रा में करंट से 17 साल की आलिया की मौत, महाराष्ट्र में मानसून की लापरवाही की बलि चढ़ीं ये मासूम जिंदगियां

Mumbra Girl Electrocution Death: महाराष्ट्र में प्रशासन की लापरवाही मासूमों पर भारी पड़ रही है। साकीनाका में मैनहोल हादसे के बाद अब ठाणे के मुंब्रा में 17 वर्षीय आलिया की करंट लगने से मौत हो गई।

गोरक्ष पोफली

Monsoon Negligence Mumbra Girl Electrocuted: महाराष्ट्र में मानसून 2026 की शुरुआत किसी आपदा से कम नहीं रही है। मूसलाधार बारिश ने न केवल जनजीवन अस्त-व्यस्त किया है, बल्कि प्रशासनिक ढिलाई के कारण मासूम जिंदगियां भी काल के गाल में समा रही हैं। मुंबई से लेकर ठाणे तक, सड़कों पर मौत का तांडव जारी है।

हादसों का यह सिलसिला मुंबई के चेंबूर से शुरू हुआ, जहां एक दिल दहला देने वाली घटना में मासूम विहान की मौत हो गई। स्कूल बस पर एक भारी पेड़ गिर जाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस मामले में बीएमसी ने असिस्टेंट गार्डन सुपरिटेंडेंट को निलंबित कर कड़ी कार्रवाई तो की, लेकिन एक परिवार ने अपना चिराग खो दिया। अब ठाणे के मुंब्रा से भी ऐसी ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक 17 वर्षीय मासूम लड़की की जान चली गई।

आज ही मुंबई में मैनहोल में गिरकर असलम शेख की मौत

अभी इस घटना का दुख कम भी नहीं हुआ था कि मुंबई के खैरानी रोड इलाके में एक और भयावह हादसा सामने आया। यहां 55 वर्षीय असलम इस्हाक शेख की मौत एक खुले मैनहोल में गिरने से हो गई। बताया जा रहा है कि रखरखाव के काम के लिए टेंडर कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया था, लेकिन वहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे असलम अनजाने में उस मौत के गड्ढे में गिर गए। इस मामले में लापरवाही की पराकाष्ठा देखते हुए मेयर ने चार अधिकारियों को निलंबित करने और पीड़ित परिवार को ₹10 लाख का मुआवजा देने का आदेश दिया है।

ठाणे में मासूम आलिया की करंट लगने से मौत

मुंबई के इन जख्मों के बीच अब ठाणे के मुंब्रा से एक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। मुंब्रा के यास्मीन पार्क स्थित कादर पैलेस में भारी बारिश के दौरान जलभराव हो गया था। इसी इमारत की बी-विंग में रहने वाली 17 वर्षीय आलिया चांदीवाला किसी काम से घर के बाहर निकली थी।

सड़क पर भरे पानी में बिजली का करंट उतरा हुआ था। जैसे ही आलिया ने उस पानी में कदम रखा, वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पार्षद शोएब डोंगरे ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके की विद्युत व्यवस्था की तुरंत जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

31 जिलों में अलर्ट, खतरा बरकरार

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 31 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। पुणे, यवतमाल और सतारा जैसे 6 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' है, जबकि मुंबई और ठाणे समेत 25 जिलों में 'येलो अलर्ट' घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, लेकिन आलिया, विहान और असलम जैसे हादसों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल चेतावनी काफी नहीं है; बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करना समय की मांग है।

CJI से मिलेंगे मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी, शाम 4 से 5 बजे का मांगा समय, CJP को लेकर इमरजेंसी का जिक्र

मुझे किडनैप किया गया... ध्रुव राठी ने दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, पासपोर्ट दिखाकर कहा मुझे हक है- VIDEO

Delhi CJP Protest LIVE: 50 हजार के बॉन्ड पर छोड़े गए CJP नेता, 2 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

नेपाल में बैक टू बैक कुदरत की मार! बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़, लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया

ध्रुव राठी और CJP नेता रिहा, पूछताछ के बाद छूटे, 2 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी सबकी नजरें