Maharashtra First Bird House In Thane: ठाणे जिले के मीरा- भाईंदर में बेजुबान पक्षियों को सर्दी, गर्मी और बारिश से सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भाईंदर पश्चिम स्थित श्री सालासर धाम, गीता नगर में महाराष्ट्र के पहले विशाल ‘पक्षीघर’ के निर्माण का भूमि पूजन समारोह रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अनूठे प्रकल्प का भूमि पूजन क्षेत्र के विधायक नरेंद्र मेहता ने किया।
इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता ने श्री सालासर सेवा संस्था द्वारा जीवदया और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए शुरू की गई यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है और इससे लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
उन्होंने संस्था को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल, सभागृह नेता रवि व्यास, नगरसेवक सुरेश खंडेलवाल, भगवती शर्मा, कीमिया रकवी, वर्षा भानुशाली, भरत बोहरा और परेश शाह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। योग गुरु शुक्ला जी तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर इस पहल का समर्थन किया।
यह भी पढ़ेः- MRVC ने उत्साह से मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, कर्मचारियों ने अपनाया फिटनेस और माइंडफुलनेस का मंत्र
कार्यक्रम के दौरान श्री सालासर धाम के ट्रस्टियों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। संस्था के ट्रस्टी मनोज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित पक्षीघर केवल मीरा-भाईंदर ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में अपनी तरह का पहला और अनूठा प्रकल्प होगा। इस परियोजना का उद्देश्य हजारों पक्षियों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और संरक्षण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि यह पहल जीवदया, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कार्यक्रम में ट्रस्टी मनोज अग्रवाल, रामावतार भूतड़ा, नटवर डागा, डॉ. नरेंद्र गुप्ता, नारायण तोषनीवाल, अमित पंसारी और मोंटू अग्रवाल सहित संस्था के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह के अंत में अतिथियों ने इस परियोजना को सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए संस्था और ट्रस्टियों को शुभकामनाएं दीं।