महाराष्ट्र ठेकेदार बकाया  (सोर्सः सोशल मीडिया)
ठाणे

86 हजार करोड़ की बकाया, 6 कॉन्ट्रेक्टरों की आत्महत्या का जिम्मेदार कौन ? ठेकेदार महासंघ का सरकार को अल्टीमेटम

Contractors Pending Payment: महाराष्ट्र में सरकारी ठेकेदारों की करीब 86 हजार करोड़ रुपये की बकाया राशि को लेकर महासंघ ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है। भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आंचल लोखंडे

Thane Contractors Federation: महाराष्ट्र में सरकारी काम करने वाले ठेकेदारों की करीब 86 हजार करोड़ रुपये की बकाया राशि को लेकर महाराष्ट्र राज्य कंत्राटदार महासंघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ का आरोप है कि पिछले डेढ़ से दो वर्षों से विभिन्न सरकारी विभागों में ठेकेदारों के करोड़ों रुपये के भुगतान अटके हुए हैं। आर्थिक संकट से जूझते हुए 6 ठेकेदारों की आत्महत्या का दावा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मिलिंद भोसले ने सीधे सवाल किया-“इन आत्महत्याओं के लिए जिम्मेदार कौन है?”

6 विभागों का भारी बकाया

ठाणे के शासकीय विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार परिषद में महासंघ ने सरकार को कड़ा संदेश दिया। भोसले ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग, ग्राम विकास, जल जीवन मिशन, आदिवासी क्षेत्र समेत करीब पांच-छह विभागों में भारी बकाया है। भुगतान नहीं होने से निर्माण क्षेत्र की पूरी अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण व्यवसाय कृषि के बाद रोजगार देने वाले सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है, लेकिन लगातार भुगतान रुकने से यह क्षेत्र अब गंभीर संकट में पहुंच गया है।

बार बार ज्ञापन

भोसले के मुताबिक महासंघ ने मुख्यमंत्री सहित संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों को बार-बार ज्ञापन दिए हैं। पिछले दो वर्षों में सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, दिवंगत वित्त मंत्री अजित पवार तथा मुख्यमंत्री की वित्तीय सलाहकार समिति के साथ चर्चा कर एक प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने का दावा भी उन्होंने किया। महासंघ के अनुसार आगामी 15 सितंबर 2026 के आसपास नई भुगतान प्रणाली शुरू होने की संभावना है। हालांकि महासंघ ने स्पष्ट किया कि केवल करीब 6,572 करोड़ रुपये के पायलट प्रोजेक्ट से समस्या का समाधान नहीं होगा। भोसले ने कहा कि ठेकेदारों की कम से कम 50 प्रतिशत बकाया राशि तत्काल मिलनी चाहिए।

बजट सत्र में भी आंदोलन

मुंबई विभागीय अध्यक्ष मंगेश आवळे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट सत्र के दौरान भी आंदोलन किए गए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने सरकार से पायलट प्रोजेक्ट को बढ़ाकर 40 से 50 हजार करोड़ रुपये करने और सभी ठेकेदारों को इसमें शामिल करने की मांग की। आवले ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ठेकेदारों की बकाया राशि पर तत्काल निर्णय नहीं लिया, तो “अब लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़नी पड़ेगी।” महासंघ के इस ऐलान से आने वाले दिनों में राज्य में ठेकेदारों का आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

कावेरी पानी का मुद्दा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, पीठ बोली- पहले कावेरी प्रबंधन प्राधिकरण के पास जाए तमिलनाडु

राहुल के घर गया दलित का पैसा? कर्नाटक में BJP का हल्लाबोल, मंत्री नागेंद्र के इस्तीफे की मांग, कई नेता डीटेन

मणिपुर के सेनापति जिले में भड़की हिंसा, घरों में लगाई आग, CRPF जवान घायल, चश्मदीद ने बताई खौफनाक दास्तां

तमिलनाडु में मुफ्त योजनाओं का ऐलान, साल में 3 फ्री LPG सिलेंडर, महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए मुफ्त बस सफर

इनके आगे गिरगिट भी शर्मिंदा...CM योगी ने कांग्रेस के दोहरे आचरण पर बोला हमला, राहुल को ग्रंथ पढ़ने की दी नसीहत