College Degree Distribution In Thane: ठाणे जिले के कल्याण शहर में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस निमित्त के.एम. अग्रवाल कॉलेज में डिग्री प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. विजय पंडित ने की।
इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के कार्याध्यक्ष रमाशंकर (चंदू) तिवारी, महासचिव ओमप्रकाश (मुन्ना) पांडेय, ट्रस्टी कांतिलाल जैन, प्राचार्या डॉ. अनीता मन्ना सहित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।
समारोह की शुरुआत 'जय जय महाराष्ट्र माझा' गीत से हुई। इसके बाद दीक्षांत उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा डिग्री प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सभी मान्यवरों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के होनहार विद्यार्थी प्रशांत मिस्त्री को UPSC में चयनित होने पर विशेष सम्मान से नवाजा गया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे कॉलेज परिवार ने गर्व व्यक्त किया और इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बताया।
प्राचार्या डॉ. अनीता मन्ना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिग्री केवल एक कागज या प्रमाणपत्र नहीं है, बल्कि यह नई जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी शिक्षा और ज्ञान का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना और उनका निर्वहन करना भी जरूरी है। प्राचार्या ने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह के समापन अवसर पर राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उनके अभिभावक भी बेहद खुश नजर आए। बड़ी संख्या में अभिभावक समारोह में उपस्थित रहे और अपने बच्चों की सफलता के गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बने।