Guru Purnima Celebrations Anand Ashram Thane: तमाम शिवसैनिकों के श्रद्धास्थान ठाणे के टेंभी नाका स्थित आनंद आश्रम में गुरुपूर्णिमा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आनंद आश्रम पहुंचे। दिनभर यहां तांता लगा रहा। राज्यभर से आए शिवसैनिकों ने उनसे भेंट कर गुरुपौर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
शहर के आनंद आश्रम में हर साल की परंपरा के अनुसार उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने साथियों के साथ स्वर्गीय हिंदुहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बाळासाहेब ठाकरे और स्वर्गीय गुरुवर्य धर्मवीर आनंद दिघे की तस्वीर पर पुष्पहार अर्पित कर विनम्र अभिवादन किया। इसके बाद वे आनंद दिघे साहेब के कमरे में गए और उनके उपयोग की वस्तुओं पर फूल चढ़ाकर उनकी पवित्र स्मृतियों को नमन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में शिवसैनिकों ने उपमुख्यमंत्री शिंदे से मुलाकात कर उन्हें गुरुपूर्णिमा पर्व की बधाई दी।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री शिंदे के मुंबई स्थित शासकीय निवास 'नंदनवन' बंगले पर भी गुरुपौर्णिमा मनाई गई। यहां शिवसेना के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम शिवसैनिकों ने शाल, पुष्पगुच्छ और चंपा के फूल देकर उपमुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें: - Maharashtra Healthcare: हेल्थकेयर सेक्टर में आया क्रांतिकारी परिवर्तन, नवभारत हेल्थकेयर समिट में बोलीं शायना
इस अवसर पर विधायक रवींद्र फाटक, शिवसेना सचिव राम रेपाले, शिवसेना उपनेता प्रकाश पाटील, ठाणे शहर प्रमुख हेमंत पवार, पूर्व परिवहन समिति अध्यक्ष विलास जोशी, नगरसेवक विकास रेपाले, योगेश जानकर, ठाणे जिला महिला संघटिका मीनाक्षी शिंदे, शिवसेना प्रवक्ता राहुल लोंढे सहित ठाणे और पूरे राज्यभर से आए प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। आनंद आश्रम में माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। शिवसैनिकों ने गुरु-शिष्य परंपरा का स्मरण करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे के प्रति आस्था व्यक्त की।