CM फडणवीस ने CHM कॉलेज कैंपस में नए कौशल्य और शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया।
उन्होंने उल्हासनगर में मेट्रो, फ्लाईओवर, नई पेयजल योजना और क्लस्टर सिटी बनाने की घोषणा की।
महापौर अश्विनी निकम ने निमंत्रण न मिलने और एक घंटे पहले फोन आने की बात कही।
Ulhasnagar Metro Cluster City Announcement: हैदराबाद (सिंध) नेशनल कॉलेजिएट बोर्ड (HSNC) बोर्ड संचालित उल्हासनगर स्थित सीएचएम कॉलेज कैंपस में रविवार की दोपहर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉलेज प्रबंधन द्वारा कॉलेज कैंपस में बनाए गए नए अत्याधुनिक सुविधाओं से लेश भवन का विधिवत उद्घाटन किया।
सीएचएम कॉलेज में नए कौशल्य और शैक्षणिक भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सिंधी समाज के योगदान की सराहना करते हुए उल्हासनगर के विकास को लेकर भी मंच से बड़े ऐलान किए। इसमें जल्द ही शहर में मेट्रो दौड़ने के साथ ही समाज को उनके हक की जमीन उनके नाम पर करने का भी जिक्र किया।
एचएसएनसी बोर्ड अध्यक्ष तथा मुंबई के जाने माने बिल्डर निरंजन हीरानंदानी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सीएचएम कॉलेज की प्रिंसिपल मंजू पाठक लालवानी, उल्हासनगर के विधायक कुमार आयलानी, मुरबाड़ के विधायक किसन कथोरे, कल्याण पूर्व की विधायक सुलभा गायकवाड, महाराष्ट्र सरकार के अधीनस्थ चलने वाले परशुराम आर्थिक विकास महामंडल के अध्यक्ष कैप्टन आशीष दाममे, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश वधारिया आदि भी मंच पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि यहां कौशल्य और शैक्षणिक ऐसी इमारत बनाई गई वह तारीफ के काबिल है।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान से संघर्ष करके सिंधी समाज भारत में आया, यहां व्यवसाय करके यहां स्थायी हुए और हर क्षेत्र में सिंधी समाज का बहुमूल्य योगदान है। उन्होंने कहा कि मुंबई यूनिवर्सिटी का सबसे बड़ा कॉलेज एचएसएनसी संस्था चला रही है। एचएसएनसी संस्था समाज में बेहतर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार कॉलेज के नए भवन को देखकर बहुत आनंद हुआ, फडणवीस ने मंच से यह भी कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपेक्षित ऐसी शैक्षणिक इमारत बनाई गई है जिसका में स्वागत करता हूं।
आज जिस प्रकार अर्थव्यवस्था तैयार हो रही है, उस अर्थव्यवस्था का देश के युवा वर्ग को लाभ मिलेगा। क्योंकि विश्व में सबसे बड़ी युवाओं की संख्या भारत में है। उल्हासनगर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा उल्हासनगर को मुंबई थ्री की व्याख्या में लाया है।
उल्हासनगर में हम मेट्रो ला रहे है। उल्हासनगर में फ्लाई ओवर पुल के लिए, पीने के पानी की नई योजना को हमने मान्यता दी है, कुछ बड़े काम प्रगतिपथ पर है और अन्य विकास कार्यो को भी मंजूरी दी गई है। फडणवीस ने यह भी कहा कि उल्हासनगर शहर प्लान सिटी नहीं है, पर सरकार जल्द ही क्लस्टर के माध्यम से नई सिटी बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान पर उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सीएचएम कॉलेज ने नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में उल्हासनगर मनपा की महापौर अधिवक्ता अश्विनी कमलेश निकम का कार्यक्रम में उपस्थित न रहने का मुद्दा भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा में रहा।
कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के मुद्दे पर जब 'नवभारत' ने खुद महापौर अश्विनी निकम से कारण जानना चाहा, तो उन्होंने बताया कि उन्हें कॉलेज प्रबंधन ने निमंत्रण ही नहीं भेजा। महापौर निकम ने कहा कि कार्यक्रम से मात्र 1 घंटे पहले उन्हें कॉलेज की ओर से फोन आया था। लेकिन एन मौके पर पहुंचना संभव कैसे हो सकता है।
महापौर कहना है कि में शहर की प्रथम नागरिक हूं तथा राज्य की सत्तारूढ़ सरकार में शामिल शिवसेना से हुं खैर कोई बात नहीं, समय से यदि निमंत्रण मिलता तो कार्यक्रम में जरूर शामिल होती। महापौर निकम ने कहा कि वह शहर विकास के कार्यो को लेकर एक्टिव है। इसके लिए उन्हें सांसद डॉ श्रीकांत शिंदे के हर संभव सहयोग मिल रहा है।