ठाणे: ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर सीएसएमटी की ओर जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से लखनऊ जा रही पुष्पक एक्सप्रेस से गिरकर पांच यात्रियों की मौत हो गई। यह हादसा दिवा और कोपर स्टेशनों के बीच हुआ। मध्य रेलवे ने जानकारी देकर बताया कि रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है। घटना से लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मुंब्रा रेल हादसे पर विपक्ष ने सरकार और रेल मंत्री पर निशाना साधा है। इस हादसे पर शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे ने कहा, "रेल मंत्री रील मंत्री बन गए हैं। पिछले 2-3 सालों में कई भयानक रेल हादसे हुए हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए आगे नहीं आ रहा है। यह पूरी तरह से रेल विभाग और रेल मंत्री की जिम्मेदारी है।"
इतना ही नहीं आदित्य ठाकरे ने रेल मंत्री के अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे को लेकर भी बात कही। आदित्य ठाकरे ने कहा कि, "भारत के लोगों ने कई बार उनसे इस्तीफे की मांग की है, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े हुए हैं।"
ठाणे लोकल हादसे के बाद शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, "आज की घटना पीक ऑवर्स के दौरान मुंब्रा के पास हुई। दुर्घटना के समय अप लोकल और डाउन लोकल दोनों ही ट्रेनें पास से गुजर रही थीं। दुर्भाग्य से, इस घटना में चार-पांच लोगों की मौत हो गई है। घायलों में से एक को कलवा अस्पताल लाया गया, जबकि चार अन्य को आगे के इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।"
इस दुर्घटना के बाद शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने ट्वीट किया। श्रीकांद शिंदे ने लिखा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज सुबह दिवा-मुंब्रा रेलवे स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन से गिरकर कुछ नागरिकों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में मरने वाले नागरिकों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है। हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं। हमने घायल नागरिकों के बारे में जानकारी दे दी है और उनका ठाणे के अस्पतालों में इलाज चल रहा है और हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रशासन उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है।"