पंढरपुर: विट्ठल दर्शन के लिए घंटों कतार में लगे हजारों भक्त प्रशासन द्वारा पंढरपुर में श्री विट्ठल रुक्मिणी के वीआईपी दर्शन बंद करने के बाद अपनी संतुष्टि व्यक्त कर रहे हैं मंदिर प्रशासन द्वारा आम श्रद्धालुओं के लिए विट्ठल रुक्मिणी की दर्शन सेवा 24 घंटे उपलब्ध कर दी गई है। जिससे श्रद्धालु बेहद खुद हैं। अब वह 24 घंटे कभी भी श्री विट्ठल रुक्मिणी का दर्शन कर पाएंगे। आषाढी वारी के चलते विट्ठल रुक्मिणी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है।
पिछले कुछ दिनों से श्री विठ्ठल रुक्मिणी के दर्शन के लिए पंढरपुर आने वाले भक्त वीआईपी दर्शन को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। आम भक्त घंटों तक दर्शन कतार में खड़े होकर श्री विट्ठल के दर्शन कर रहे थे, लेकिन वीआईपी दर्शन की वजह से ये आम भक्त परेशान थे।
श्रद्धालुओं की नाराजगी को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन ने सभी तरह के वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी है। जिसके बाद अब दर्शन कतार में खड़े आम श्रद्धालुओं जल्दी भगवान के दर्शन कर पा रहे है। साथ ही प्रशासन द्वारा विट्ठल रुक्मिणी की दर्शन सेवा 24 घंटे उपलब्ध कराए जाने से आम श्रद्धालु काफी संतुष्ट हैं।
सांगली निवासी श्रीकांत कदम ने कहा कि श्री विट्ठल रुक्मिणी के दर्शन के लिए भक्तों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। लेकिन, हमें बुरा तब लगा जब कुछ लोगों को वीआईपी दर्शन मिल रहे थे। लेकिन, जब से प्रशासन ने वीआईपी दर्शन की इस पद्धति को बंद कर दिया है, तब से हमें दर्शन में कम समय लग रहा है और इससे एक तरह की संतुष्टि मिल रही है। पंढरपुर शहर में प्रशासन द्वारा दी गई सुविधाओं से सब संतुष्ट है।
मुंबई निवासी आकाश भंगे ने कहा कि प्रशासन द्वारा विट्ठल रुक्मिणी के वीआईपी दर्शन बंद करने से आम श्रद्धालु खुश हैं, हमें भी जल्दी दर्शन मिल गए, हम मुंबई से विठू माऊली के दर्शन के लिए आए हैं। हमारा दर्शन बहुत अच्छा रहा और दर्शन कतार में सुविधाएं भी बहुत अच्छी थीं। 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था के लिए प्रशासन को धन्यवाद।