Two Youths Detained In Solapur: ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके पर मोहोल के पास एक होटल में कथित तौर पर हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। भोजन के बाद होटल से बाहर निकलते समय कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोककर उनके साथ विवाद और धक्का-मुक्की की।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। हाके ने इसे अपनी जान लेने का प्रयास बताते हुए मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
लक्ष्मण हाके के अनुसार, वह पाकणी फाटे के पास स्थित निसर्ग होटल में भोजन करने के लिए रुके थे। उनके साथ करीब 10 से 15 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और एसपीओ के जवान भी मौजूद थे। भोजन के बाद जब हाके होटल से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली।
युवकों ने हाके से सवाल किया कि वह मनोज जरांगे का विरोध क्यों करते हैं और उनके पीछे कितने लोग हैं। सवाल-जवाब के दौरान विवाद बढ़ने लगा और कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया। पुलिस ने युवकों को वहां से बाहर निकालकर स्थिति को शांत कराया और बाद में दो युवकों को हिरासत में लिया।
हाके ने आरोप लगाया कि युवक शराब के नशे में थे और खुद को लातूर जिले के चाकूर का निवासी तथा वकील बता रहे थे। उन्होंने कहा कि युवकों के मोबाइल और उनके संपकों की जांच से ही पता चलेगा कि वे किसके इशारे पर वहां पहुंचे थे। लक्ष्मण हाके ने कहा कि यदि इस घटना को भी हमले के तौर पर गिना जाए तो यह उन पर हुआ 11वां हमला है।
हाके ने दावा किया कि विवाद के दौरान युवक बार-बार मनोज जरांगे का नाम ले रहे थे। इसी आधार पर उन्होंने घटना के पीछे जरांगे समर्थकों के होने का संदेह जताया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।