शरद पवार के संन्यास की अटकलों पर बोलीं सुप्रिया सुले
शरद पवार का राज्यसभा कार्यकाल अभी 5 साल बाकी है
अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की बात समाप्त
Supriya Sule Statement On Sharad Pawar Retirement Rumors: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के राजनीतिक भविष्य को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे शरद पवार को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, उनके अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में उनके संन्यास और पार्टी के भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इन सभी कयासों पर उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने खुलकर जवाब देते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है।
दरअसल, एक समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई थी कि स्वास्थ्य कारणों से शरद पवार सक्रिय राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर जब सुप्रिया सुले से सवाल किया तो उन्होंने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि शरद पवार जैसे अनुभवी नेता के बारे में इस तरह की भ्रामक खबरें आना बेहद चौंकाने वाला और गलत है।
सुप्रिया सुले ने बताया कि शरद पवार का राज्यसभा कार्यकाल अभी पांच साल का बचा हुआ है, ऐसे में उनके रिटायरमेंट की बातें करना पूरी तरह बेतुका है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई व्यक्ति कब तक सक्रिय रहेगा और कब रिटायर होगा, यह तय करने का अधिकार केवल जनता के पास है।
इसके साथ ही, महाराष्ट्र की राजनीति में इस बात की भी तेज चर्चा थी कि एनसीपी के दोनों गुट एक बार फिर से एकजुट हो सकते हैं। इन अटकलों को उस समय और हवा मिल गई जब सुनेत्रा पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल अस्पताल में शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे। इसके अलावा, सुनील तटकरे ने भी दावा किया था कि अजित पवार ने दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत की पहल की थी।
इन दावों पर विराम लगाते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि अब एनसीपी के दोनों गुटों के फिर से एक होने की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि विलय को लेकर बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन वह केवल तब तक थी जब उनके भाई अजित पवार जीवित थे।
सुप्रिया सुले ने कहा कि जैसे ही मेरे भाई का निधन हुआ, हमारी तरफ से वे सारी बातचीत हमेशा के लिए खत्म हो गईं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के नेता अब इस विषय पर कोई टिप्पणी भी नहीं करते हैं और उनके लिए यह अध्याय पूरी तरह बंद हो चुका है।