मुंबई: इलाज के लिए जरूरतमंद हजारों मरीजों के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष (Chief Minister Medical Assistance Fund) वरदान साबित हुआ है। पिछले 6 माह में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष से लगभग 2,600 जरूरतमंद मरीजों (Needy Patients) को 19.43 करोड़ रुपए की मदद (Help) दिलाई गई है।
दिसंबर माह में मरीजों को दी गई रिकॉर्ड मदद के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष के प्रमुख मंगेश चिवटे ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर सहायता कोष के मापदंड में बदलाव कर महंगे इलाज वाली कुछ बीमारियों को इसमें शामिल किया गया है।
मंगेश चिवटे ने कहा कि कई महंगी बीमारियां जो पहले कवर नहीं होती थीं। इसमें फेफड़े की सर्जरी, घुटने, हिप की रिप्लेसमेंट, सर्जरी के साथ ही दुर्घटना के मरीजों को भी इस योजना से आर्थिक मदद दी जा रही है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में सीएम चिकित्सा सहायता कक्ष पहले दिन से मरीजों के लिए समर्पित है। जुलाई के पहले महीने में 194 मरीजों को 83 लाख दिए गए। अगस्त माह में 276 मरीजों को एक करोड़ 40 लाख, सितंबर माह में 336 मरीजों को एक करोड़ 93 लाख, अक्टूबर माह में 256 मरीजों को दो करोड़ 21 लाख, नवम्बर माह में 527 को चार करोड़ 50 लाख और दिसंबर माह में रिकॉर्ड आठ करोड़ 52 लाख की चिकित्सा सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में इस सेल की कार्य पद्धति, सहायता के मापदंड में कई अहम बदलाव किए गए हैं। इसके तहत वेबसाइट https://www.mahacmmrf.com को लॉन्च किया गया है, ताकि जरूरतमंदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना आसान हो सकें।