सड़क पर गड्ढों की 'रिपोर्टर स्टाइल' रिपोर्टिंग करते रायगढ़ की छात्राएं (प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो सोर्स-AI)
रायगड

'नीट के बाद सड़क के गड्ढों पर भी मिली जीत!', स्कूली छात्राओं के वायरल वीडियो के बाद जागी सरकार

Raigad School Girls Viral Video Impact: महाराष्ट्र के रायगढ़ में दो स्कूली छात्राओं की पत्रकार अंदाज में सड़क के गड्ढों पर की गई रिपोर्टिंग वायरल हुई तो स्थानीय विधायक महेंद्र थोर्वे जागे।

अनिल सिंह

Raigad School Girls Potholes Viral Video: महाराष्ट्र के कई शहरों के कई इलाकों में मॉनसून के दौरान बदहाल सड़कों की मार झेल रहे आम नागरिकों के बीच रायगढ़ जिले की दो स्कूली छात्राओं की रिपोर्टिंग शैली ने सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।

करजत के कोंडीवाडे क्षेत्र की दो छात्राओं, नेहा और ज्योत्सना का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वे टीवी न्यूज रिपोर्टर के अंदाज में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और राहगीरों को हो रही परेशानियों की रिपोर्टिंग करती नजर आ रही थीं। इस वीडियो का असर इतना व्यापक हुआ कि स्थानीय विधायक और प्रशासन को तुरंत हरकत में आना पड़ा।

वायरल वीडियो के बाद जागी नींद, सड़क पर बिछाई जाने लगी गिट्टी

करजत के छात्राओं द्वारा बनाई गई इस रिपोर्टिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद करजत के विधायक महेंद्र थोर्वे ने मामले पर संज्ञान लिया। मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक थोर्वे ने सफाई दी कि क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। 

उन्होंने बताया कि जनसमस्या को देखते हुए तत्काल सड़क पर गिट्टी और बजरी बिछाकर गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। थोर्वे ने आश्वासन दिया कि जैसे ही मॉनसून का सीजन समाप्त होगा, इस सड़क के डामरीकरण का काम पूरा कर दिया जाएगा।

"शिक्षक की बात से मिला विचार, मजे में बनाया था वीडियो"

मराठी टीवी न्यूज चैनल एबीपी माझा से बातचीत करते हुए दोनों छात्राओं ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि केवल मजाक-मजाक में बनाया था। उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह वीडियो इतना वायरल हो जाएगा।

छात्राओं ने बताया, "जिस दिन हमने वीडियो बनाया, उसी दिन हमारे स्कूल के टीचर ने बताया था कि एक्सप्रेसवे जैसी चिकनी सड़कों के मुकाबले हमारे गांव की सड़क पर चलना कितना मुश्किल है। टीचर ने हंसते हुए कहा था कि इस रास्ते से गुजरने पर तो पेट में पानी भी हिल जाता है। हमने वही बात अपने वीडियो में कह दी। हम रोज समाचार देखते हैं, इसलिए न्यूज रिपोर्टर का अंदाज अपनाना आसान रहा।"

जागरूकता का मिसाल बनीं छात्राएं

छात्राओं के इस अनूठे प्रयास की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। लोगों का कहना है कि जहां बड़े-बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि सड़कों की दुर्दशा पर आंखें मूंदे रहते हैं, वहीं इन छात्राओं की रचनात्मकता और निडरता ने सोए हुए प्रशासन को जगाने का काम किया है।

ज्ञानेश कुमार पर बवाल के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी का VRS, आरएस गोपालन ने बताई इस्तीफे की वजह

कुमाऊं में भीषण भूस्खलन, भरभराकर गिरा पहाड़, उत्तराखंड के 7 पर्वतीय जिलों में बारिश का अलर्ट

भारत के लिए अक्टूबर कूटनीति का व्यस्त महीना, जानें कौन-सी तारीखें हैं बेहद खास

Who is Smit Machchhar? फ्लाईदुबई घटना में घायल होने के बाद भी बचाई 174 लोगों की जान

हर शनिवार को बंद रहेंगे बैंक, वित्त मंत्रालय की नोटिफिकेशन सोशल मीडिया पर वायरल, जानें क्या है सच?