पुणे जिला परिषद ने वर्ष 2026-27 के लिए पशुपालन योजनाएं शुरू कीं।
आधुनिक पशुपालन उपकरणों की खरीद पर 75% सब्सिडी मिलेगी।
महिलाओं को 50 उन्नत नस्ल के मुर्गे-मुर्गियां या दो बकरियां लेने का विकल्प।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
Rajmata Jijau Mahila Sashaktikaran Yojana: पुणे में पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुणे जिला परिषद के पशुसंवर्धन विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं।
इन योजनाओं का उद्घाटन मंगलवार (17 नवंबर) को जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाले के हाथों किया गया। योजनाओं के तहत पशुपालकों को 75% सब्सिडी पर आधुनिक उपकरण मिलेंगे, जबकि महिलाओं को बकरी पालन या मुर्गी पालन के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जिला परिषद के सेस फंड से संचालित इन योजनाओं के शुभारंभ अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, कृषि, पशुसंवर्धन एवं डेयरी समिति के सभापति अमोल नलावडे सहित जिला परिषद और पंचायत समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।
पशुपालकों को उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराने की योजना के तहत खुले गोठे के निर्माण में सहायता, आईएसआई मार्क वाली मिल्किंग मशीन, 15 मीट्रिक टन क्षमता की साइलेज यूनिट, रबर मैट और चारा काटने की मशीन में से अपनी जरूरत के अनुसार उपकरण चुनने का विकल्प मिलेगा।
इन पर 75 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। योजना का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा।
राजमाता जिजाऊ महिला सशक्तिकरण योजना के तहत पात्र एकल और सामान्य वर्ग की महिलाओं को 75 प्रतिशत सब्सिडी पर 50 उन्नत नस्ल के मुर्गे-मुर्गियां अथवा दो बकरियां दी जाएंगी। लाभार्थी इनमें से किसी एक विकल्प का चयन कर सकेंगी।
इसके अलावा लोकनेते अजितदादा पवार पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आधुनिक पशुपालन तकनीक, वैज्ञानिक पशुसंवर्धन प्रबंधन और डेयरी व्यवसाय का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
सभी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 है। इच्छुक पात्र पशुपालक और महिलाएं [जिला परिषद पुणे के योजना पोर्टल] पर आवेदन कर सकती हैं। समिति के सभापति अमोल नलावडे ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट