Mumbai Pune Expressway MSRTC ST Bus Service: महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) ने मंगलवार से मुंबई-पुणे मार्ग पर बस सेवाएं पूरी क्षमता के साथ दोबारा शुरू कर दी हैं। सोमवार को भूस्खलन की आशंका और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुणे से मुंबई जाने वाली सभी बस सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं। मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद मंगलवार को पुणे संभाग से करीब 120 एसटी बसें मुंबई के लिए रवाना की गईं।
एसटी प्रशासन के अनुसार, नासिक मार्ग पर बसों का संचालन भी सामान्य रूप से शुरू हो गया है। हालांकि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कोंकण क्षेत्र के महाड, मानगांव और ताम्हिणी घाट मार्गों पर बस सेवाएं फिलहाल स्थगित हैं। वहीं, पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाबलेश्वर जाने वाली सभी एसटी बस सेवाएं 31 जुलाई तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
भारी बारिश के कारण वाघोली-लोहगांव मार्ग पर चार से पांच फीट तक जलभराव हो गया। मंगलवार सुबह इसी मार्ग पर एक निजी कंपनी की बस बीच सड़क में फंस गई। बस में चालक सहित छह कर्मचारी सवार थे। सूचना मिलने पर पुणे महानगरपालिका और पीएमआरडीए के अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर रस्सियों की मदद से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन के अनुसार, चालक को पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण बस बीच रास्ते में बंद हो गई थी।
यह भी पढ़ेः- पुणे में मूसलाधार आफत के बीच खड़कवासला डैम में बंपर पानी: 24 घंटे में बढ़ा 78 दिनों का कोटा, पर कटौती अभी जारी
सोमवार को भी पुराने मुंबई-पुणे मार्ग के एक अंडरपास में पानी भर जाने से एक टेम्पो और कार फंस गई थी। उस दौरान मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने पानी में उतरकर चालक की सुरक्षित जान बचाई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
एसटी प्रशासन और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले मार्गों से यात्रा करने से बचें। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी और बस सेवाओं की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।