NCP अध्यक्ष शरद पवार को सीने में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार उनके फेफड़ों में थोड़ा फ्लूइड और हल्का इन्फ्लेमेशन देखा गया है।
उनकी स्थिति पूरी तरह से स्थिर है और फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
Sharad Pawar Hospitalised Pune Health Update: NCP (SP) के अध्यक्ष शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सीने में हल्के दर्द (प्लीयूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय देखरेख के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है।
शरद पवार महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों के तीन दिवसीय दौरे पर थे। दौरे के दूसरे दिन धाराशिव में रहने के दौरान दोपहर में उनकी तबीयत कुछ अस्वस्थ महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने अपना दौरा बीच में ही स्थगित कर दिया और तुरंत पुणे वापस लौट आए। इसके बाद उन्हें तुरंत रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया।
पुणे शहर के रूबी हॉल क्लिनिक के अध्यक्ष, मैनेजिंग ट्रस्टी और मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. परवेज के. ग्रांट ने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया। डॉ. ग्रांट ने बताया कि शरद पवार को दोपहर के समय सीने में हल्का दर्द महसूस होने पर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर उनके सभी आवश्यक परीक्षण किए गए।
डॉ. परवेज के. ग्रांट के अनुसार- अस्पताल में उपलब्ध हाई-रिज़ॉल्यूशन मशीन के माध्यम से शरद पवार का सीटी स्कैन किया गया। सीटी स्कैन की जांच रिपोर्ट में उनके फेफड़ों में थोड़ा सा फ्लूइड और हल्का इन्फ्लेमेशन (Pleurisy) देखा गया है।
डॉक्टर ग्रांट ने स्पष्ट किया कि फेफड़ों में मिले इस हल्के फ्लूइड का इलाज केवल मेडिकल ट्रीटमेंट के जरिए ही किया जाएगा। इसके लिए किसी भी तरह की सर्जरी या बड़े ऑपरेशन की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है और दवाओं से वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।
अस्पताल प्रशासन ने समर्थकों और नागरिकों को राहत देने वाली खबर साझा करते हुए बताया कि शरद पवार की स्थिति बिल्कुल स्थिर है। डॉ. परवेज के. ग्रांट ने अपडेट देते हुए कहा कि उनकी सेहत अब पूरी तरह से ठीक है, उन्होंने अपना भोजन भी कर लिया है और चिंता की कोई बात नहीं है।
डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति सामान्य हो रही है और एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ समय के लिए डॉक्टरों की मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। जांच प्रक्रिया और उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है।
शरद पवार के तीन दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने पहले दिन सोलापूर जिले के किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और पानी की स्थिति जानी थी। हालांकि दूसरे दिन तबीयत बिगड़ने और डॉक्टरों द्वारा विश्राम की सलाह दिए जाने के कारण उनका आगे का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
रूबी हॉल क्लिनिक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति बिल्कुल नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है।