विकास कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से होगी गुणवत्ता जांच।
काम से पहले, दौरान और बाद में निरीक्षण अनिवार्य।
हर चरण की जियो-टैग तस्वीरें रखना होगा जरूरी।
अंतिम बिल भुगतान से पहले विजिलेंस जांच अनिवार्य।
Pune PMC Third Party Inspection: पुणे मनपा की ओर से शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब मनपा के विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन यानी स्वतंत्र जांच एजेंसी नियुक्त की जाएगी।
इसके तहत प्रत्येक विकास कार्य की तीन चरणों में जांच करना अनिवार्य होगा। काम शुरू होने से पहले, निर्माण कार्य के दौरान और काम पूरा होने के बाद उसकी गुणवत्ता की पड़ताल की जाएगी। इतना ही नहीं, प्रत्येक चरण की जियो-टैग तस्वीरें लेना और उनका रिकॉर्ड रखना भी संबंधित अधिकारियों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है।
मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने 21 नवंबर 2026 को इस संबंध में कार्यालयीन परिपत्र जारी किया है। इसके जरिए सभी विभागों को विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों में होने वाली अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही तय करना है।
दरअसल, शहर में मनपा की ओर से कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार शिकायतें की जाती रही हैं। कई बार काम पूरा होने के बाद भी उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। इस पृष्ठभूमि में हुई बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद प्रशासन ने कनिष्ठ अभियंता से लेकर विभाग प्रमुखों तक के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने का निर्णय लिया है।
विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए मनपा के पुणे शहर अभियंता कार्यालय के माध्यम से स्वतंत्र एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया की जाएगी। यह एजेंसी मनपा के सभी विभागों के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों की जांच करेगी, काम के अलग अलग चरणों में मौके पर जाकर निर्धारित मानकों और मनपा की मौजूदा नीतियों के अनुसार गुणवत्ता की पड़ताल की जाएगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट तैयार करना भी अनिवार्य होगा। विकास कार्य शुरू होने से पहले, निर्माण के दौरान और काम पूरा होने के बाद कनिष्ठ अभियंता तथा शाखा अभियंताओं को अक्षांश-देशांतर (लैटिट्यूड-लॉगिट्यूड) के साथ तस्वीरें लेनी होंगी।
इन जियो-टैग तस्वीरों और काम से संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर गुणवत्ता नियंत्रण रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसके साथ ही काम की गुणवत्ता और माप की शत-प्रतिशत जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं पर तय की गई है। विकास कार्यों के प्रत्येक चरण में कनिष्ठ अभियंता, उप अभियंता, कार्यकारी अभियंता, मुख्य अभियंता और संबंधित विभाग प्रमुखों को मौके पर जाकर निरीक्षण करना होगा। अधिकारियों को वास्तविक काम, उसकी गुणवत्ता और दर्ज की गई तस्वीरों का मिलान कर जानकारी की पुष्टि करनी होगी।
अतिरिक्त पुणे मनपा आयुक्त, संबंधित विभाग प्रमुखों और परिमंडल कार्यालयों के प्रमुखों को विकास कार्यों का रैंडम चयन कर अचानक निरीक्षण करना होगा। इसके अलावा सतर्कता विभाग (विजिलेंस डिपार्टमेंट) भी निर्धारित विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा, महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, विकास कार्यों का अंतिम भुगतान करने से पहले सतर्कता विभाग से जांब जरूरी होगा।
इसके लिए काम की तस्वीर, वितीय मंजूरी बात विभाजन मंजूरी और बचत-बताव मंजूरी सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इन सभी पहलुओं की पुष्टि के बाद ही अंतिम बिल का भुगतान किया जा सकेंगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता संबंधी खामियां, दोबारा काम कराने की नौबत, माप में अनियमितता या प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।