पुणे में अवैध फ्लेक्स लगाने वालों के नाम और संख्या मनपा वेबसाइट पर होंगे सार्वजनिक।
नागरिक फोटो अपलोड कर सीधे दर्ज करा सकेंगे शिकायत।
अलग से ऑनलाइन सुविधा तैयार कर रही पुणे मनपा।
Pune PMC Illegal Flex Bhau Flex Hatao Campaign: पुणे में अवैध फ्लेक्सबाजी पर रोक लगाने के लिए महानगरपालिका ‘भाऊ, फ्लेक्स हटाओ’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत नागरिक मनपा की वेबसाइट पर अवैध फ्लेक्स की तस्वीर और स्थान की जानकारी अपलोड कर शिकायत कर सकेंगे। शिकायतों के आधार पर सबसे अधिक फ्लेक्स लगाने वालों के नाम और फ्लेक्स की संख्या सार्वजनिक की जाएगी।
पुणे शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को बदरंग करने वाली अवैध फ्लेक्सबाजी पर अंकुश लगाने के लिए पुणे महानगरपालिका ने नई पहल की तैयारी की है। मनपा जल्द ही ‘भाऊ, फ्लेक्स हटाओ’ अभियान शुरू करेगी। इसके तहत शहर में सबसे अधिक अनधिकृत फ्लेक्स लगाने वाले लोगों के नाम और उनके फ्लेक्स की संख्या मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी।
इस अभियान में नागरिकों को भी सीधे भागीदारी का मौका मिलेगा। वे अवैध फ्लेक्स की तस्वीर खींचकर और उसका स्थान बताकर मनपा के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
मनपा की वेबसाइट PMC.gov.in पर इसके लिए अलग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नागरिक संबंधित फ्लेक्स की तस्वीर अपलोड करने के साथ उस स्थान की जानकारी भी दर्ज कर सकेंगे। एक स्थान से केवल एक तस्वीर अपलोड करने की सुविधा होगी।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रशासन यह आंकड़ा तैयार करेगा कि शहर में किस व्यक्ति के कितने अनधिकृत फ्लेक्स लगाए गए हैं। इसके बाद अधिक फ्लेक्स लगाने वालों की सूची वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी।
पुणे का क्षेत्रफल बड़ा होने के बावजूद मनपा के आकाशचिन्ह एवं लाइसेंस विभाग में कर्मचारियों की संख्या सीमित है। विभाग में केवल 19 लिपिक और 150 बिगारी कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में पूरे शहर में लगाए जाने वाले अवैध फ्लेक्स पर नजर रखना और उन्हें हटाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।
राजनीतिक नेताओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने से लेकर जमीन-जायदाद के कारोबार और निजी कोचिंग क्लासेस के विज्ञापनों तक के लिए बड़ी संख्या में फ्लेक्स लगाए जाते हैं। इनमें से कई बिना अनुमति लगाए जाते हैं, जिससे शहर की सुंदरता और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
अब तक मनपा की कार्रवाई मुख्य रूप से अवैध फ्लेक्स हटाने तक सीमित रही है। नई व्यवस्था में ऐसे फ्लेक्स लगाने वालों की पहचान भी सार्वजनिक करने की योजना है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे संबंधित लोगों पर सामाजिक दबाव बनेगा और अनधिकृत फ्लेक्स लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त प्रजित नायर के अनुसार, ऑनलाइन सुविधा का फिलहाल परीक्षण किया जा रहा है और इसे जल्द ही नागरिकों के लिए शुरू किया जाएगा। अभियान की सफलता शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और नियमों के प्रभावी पालन पर निर्भर करेगी।
इधर, पुणे शहर मनपा ने सोमवार को शहर के छह जोन में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। हांडेवाड़ी रोड, धायरी, वारजे, कोरेगांव पार्क, नाना पेठ, रास्ता पेठ और तिलक रोड सहित कई इलाकों में कार्रवाई कर कुल 2 लाख 5 हजार 800 वर्गफुट क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जोनवार कार्रवाई में हांडेवाड़ी रोड और हांडेवाड़ी चौक से 67,500 वर्गफुट, वडगांव बुद्रुक और धायरी से 38,200 वर्गफुट तथा वारजे सर्विस रोड से 18,400 वर्गफुट क्षेत्र मुक्त कराया गया।
इसके अलावा धोले पाटिल रोड, ताड़ीवाला रोड और कोरेगांव पार्क के नॉर्थ मेन रोड से 44,700 वर्गफुट, नाना पेठ और रास्ता पेठ से 14,000 वर्गफुट तथा तिलक रोड से 9,500 वर्गफुट क्षेत्र खाली कराया गया। वृद्धेश्वर घाट, लॉ कॉलेज रोड और कर्वे रोड के फ्रंट व साइड मार्जिन से भी 13,500 वर्गफुट अतिक्रमण हटाया गया।
नवभारत लाइव के लिए समीर सय्यद की रिपोर्ट