Pune Nasrapur Case Protest Demand: जिले के नसरापुर में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुए अत्याचार और उसकी निर्मम हत्या की घटना ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है।
इस अमानवीय कृत्य के विरोध में और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर 'राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस (शरद गुट)' पार्टी ने पुणे में जोरदार आंदोलन किया।
पार्टी के शहराध्यक्ष श्रीकांत पाटील के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में महिला शहर अध्यक्ष स्वाती पोकले सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को न्याय दो और राक्षस को फांसी दो जैसे नारेबाजी की गयी। पार्टी की ओर से मांग की गई है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि दोषी को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिल सके।
आंदोलनकारियों ने कहा कि इस घटना ने मानवता को कलंकित किया है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन को दिए गए निवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में देरी हुई या आरोपी को बचाने का प्रयास किया गया तो और भी तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
साथ ही, पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता प्रदान करने की मांग भी की गई है। इस घटना के विरोध में नसरापुर गांव और आसपास के गांवों के व्यापारियों ने अपनी दुकाने बंद रखकर शोक व्यक्त किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन सामान्य नागरिकों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा व्याप्त है। आंदोलन में नगरसेवक गफूर पठाण, किशोर कांबले, दीपक जगताप, सुवर्णा सावर्डे, दीपाली कवडे सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।