Pune Monsoon Preparation Drain Cleaning Work Delay: पुणे शहर में मानसून की आहट के साथ ही पुणे महानगरपालिका की तैयारियों पर एक बार फिर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों से यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बारिश से पहले होने वाली नालों, चैंबरों, कल्वर्ट और जल निकासी लाइनों की सफाई का कार्य अब तक केवल 35 से 38 प्रतिशत ही पूरा हो सका है।
इस सुस्त रफ्तार ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यदि इस वर्ष मानसून समय से पहले आ जाता है, तो शहर को भारी जलभराव और अस्त-व्यस्त जनजीवन का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संदेह इसलिए भी गहरा रहा है क्योंकि इसी वर्ष 2 अप्रैल को हुई बेमौसम बारिश ने शहर की पोल खोल दी थी, जिसमें नवश्या मारुती क्षेत्र में एक महिला की मौत तक हो गई थी।
उस समय घरों और दुकानों में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ था और प्रशासन के 90 प्रतिशत सफाई के दावों के विपरीत जमीनी स्तर पर काम 10 प्रतिशत भी नहीं पाया गया था। उस घटना के बाद महापौर और स्थायी समिति द्वारा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाने और टेंडरों को तत्काल मंजूरी देने के बावजूद एक महीने में काम की गति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।
ये भी पढ़ें :- Mumbai Airport पर छह घंटे चला रनवे रिपेयर वर्क, 3,000 से ज्यादा लाइटिंग सिस्टम का हुआ निरीक्षण