पुणे के राजगुरुनगर में युवक शिवम करमारे पर कोयते से हमला।
गाड़ी को कट मारने के मामूली विवाद के बाद वारदात को अंजाम देने का आरोप।
तीन नाबालिगों पर हमले का आरोप।
इलाज के दौरान युवक के शरीर पर करीब 700 टांके लगाए गए।
हमले में युवक की तीन उंगलियां कट गईं।
एक हाथ को गंभीर नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई।
स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Koyta Gang Terror Maharashtra: महाराष्ट्र के पुणे में कोयता गैंग की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। राजगुरुनगर में गाड़ी को मामूली कट मारने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि तीन नाबालिगों ने बदला लेने के इरादे से शिवम करमारे पर धारदार कोयते से हमला कर दिया। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसकी चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान शरीर पर करीब 700 टांके लगाने पड़े। हमले में उसकी तीन उंगलियां कट गईं, जबकि एक हाथ के हमेशा के लिए काम करना बंद करने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, शिवम करमारे का कुछ लड़कों के साथ गाड़ी को कट मारने की बात पर विवाद हुआ था। शुरुआत में यह मामूली कहासुनी थी, लेकिन आरोप है कि इसी बात को लेकर तीन नाबालिगों ने उस पर हमला करने की योजना बनाई।
इसके बाद पुणे के राजगुरुनगर में दिनदहाड़े शिवम पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमलावरों ने उसके सिर, पीठ और हाथ पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल शिवम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
हमले में शिवम को गंभीर चोटें आई हैं। धारदार कोयते के वार से उसकी तीन उंगलियां कटकर अलग हो गईं। इसके अलावा उसके एक हाथ को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि हाथ के हमेशा के लिए बेकार होने की आशंका है। इलाज के दौरान उसके शरीर पर करीब 700 टांके लगाए गए।
राजगुरुनगर की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। मामूली विवाद में धारदार हथियार से इस तरह हमला किए जाने से नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुणे शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी खुद को 'भाई' और 'दादा' बताकर दबदबा बनाने वाले लोगों की गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। नागरिकों ने पुलिस से सवाल किया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और आरोपियों में कानून का डर क्यों नहीं दिखाई दे रहा है।