पुणे के घोरपड़े पेठ में दिनदहाड़े फायरिंग (फोटो क्रेडिट-X) 
पुणे

पुणे में दिनदहाड़े पुलिस चौकी के सामने फायरिंग! रंजिश में युवक को मारी तीन गोलियां, 20 मिनट में आरोपी गिरफ्तार

Pune Ghorpade Peth Firing: पुणे के घोरपड़े पेठ में पुलिस चौकी के सामने पुरानी दुश्मनी में नूर शेख पर फायरिंग। पुलिस ने 20 मिनट में आरोपियों को पकड़ा।

अनिल सिंह

Pune Police Chowki Firing: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे के घोरपड़े पेठ इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस चौकी के ठीक सामने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गईं। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हालांकि, घटना के तुरंत बाद खड़क पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 20 मिनट के भीतर मुख्य हमलावर समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

दोपहर 12 बजे घटी वारदात; पीठ में लगीं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना दोपहर करीब 12 बजे घोरपड़े पेठ स्थित पुलिस चौकी के समीप घटी। घायल युवक की पहचान ख्वाजा उद्दीन नजीर शेख उर्फ 'नूरू शेख' के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण सुजल सुनील परदेशी और उसके साथियों ने नूर शेख को घेर लिया और उन पर अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी।

पुणे में फायरिंग के दौरान गोलियां नूर शेख की पीठ में जा लगीं, जिससे वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

20 मिनट में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य हमलावर सुजल सुनील परदेशी और उसके साथी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे। उसी समय गश्त पर तैनात पुलिस अधिकारी इमरान नदाफ ने अदम्य साहस दिखाते हुए भाग रहे सुजल परदेशी को खदेड़कर दबोच लिया।

इसके बाद खड़क पुलिस स्टेशन की टीम ने तुरंत इलाके की नाकाबंदी की और वारदात में शामिल सुजल के तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किए हैं।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह, जांच में जुटी खड़क पुलिस

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित नूर शेख और आरोपी सुजल परदेशी के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए सुजल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पुलिस चौकी के पास ही इस वारदात को अंजाम देने की दुस्साहसिक योजना बनाई।

खड़क पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

SIR के तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में जवाब

UP MLC चुनाव में गड़बड़ी पर एक्शन, 6 अधिकारियों पर गिरी गाज; इन बूथों पर वोटिंग भी रद्द

थुम्मीदिहेट्टी बैराज विवाद: CM फडणवीस से मिले रेवंत रेड्डी, तेलंगाना की मांग पर महाराष्ट्र बनाएगा अध्ययन समिति

100 करोड़ के घोटाले में तमिलनाडु के पूर्व शिक्षामंत्री अनबिल पोय्यामोझी गिरफ्तार, DMK ने लगाया गंभीर आरोप

बिना पुख्ता सबूत के 6 साल जेल में रहा शख्स, सुप्रीम कोर्ट ने बताया न्याय का मजाक; UP सरकार देगी मुआवजा