Pune Building Sealed After Diveagar Tragedy: दिवेआगर में सहली के दौरान आलंदी के आठ विद्यार्थियों की दर्दनाक मौत के बाद आलंदी नगर परिषद ने शहर में संचालित कोचिंग क्लासेस और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है।
इसी जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर नगर परिषद ने विनर्स अकादमी की बिल्डिंग सील कर दी।
आलंदी नगर परिषद के दल ने जांच अभियान के तहत विनर्स अकादमी की बिल्डिंग का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि यह कोचिंग क्लास श्री नारायण हरिभाऊ दस के स्वामित्व वाली बिल्डिंग में संचालित किया जा रहा था। संबंधित संपत्ति का पुराना क्रमांक 1137 और नया LAN00001729 दर्ज है।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बिल्डिंग में संचालित गतिविधियों और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अनुमतियों और अन्य दस्तावेजों से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू की।
नगर परिषद के अनुसार, अकादमी के पास नगर परिषद से आवश्यक व्यवसाय लाइसेंस अथवा अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लिए जाने का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इसके बाद संबंधित कानून और नियमों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्याधिकारी माधव खांडेकर के आदेश पर कर विभाग प्रमुख सीमा चारवे के नेतृत्व में नगर परिषद के दल ने अकादमी की इमारत को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
आलंदी नगर परिषद प्रशासन ने शहर में संचालित कोचिंग क्लासेस और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करने के साथ आवश्यक व्यवसाय लाइसेंस, एनओसी और अन्य अनुमतियां लेना अनिवार्य है।
इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में संचालित संस्थानों के दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुणे शहर में दिवेआगर हादसे के बाद प्रशासन ने विशेष रूप से कोचिंग क्लासेस और अन्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था तथा जरूरी अनुमतियों की जांच पर जोर दिया है। अधिकारियों को नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवभारत लाइव के लिये समीर सय्यद की रिपोर्ट