पुणे प्राकृतिक नाले डायवर्जन सोर्स- सोशल मीडिया
पुणे

पुणे में 4 वर्षों में 47 प्राकृतिक नालों का प्रवाह बदला गया, जलभराव और पारदर्शिता पर उठे गंभीर सवाल

Pune Natural Nalas Diverted: पुणे मनपा के शहर अभियंता ने बताया कि पिछले 4 वर्षों में 47 नालों का प्रवाह बदला गया है। विपक्ष ने डेवलपर्स के लाभ के लिए डायवर्जन और पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

रूपम सिंह

Highlights

  • पुणे में चार वर्षों में 47 प्राकृतिक नालों का प्रवाह बदला।

  • डेवलपर्स के आवेदनों पर डायवर्जन की अनुमति देने का आरोप।

  • तेज बारिश में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका।

  • मनपा प्रशासन क्षेत्रवार जानकारी नहीं दे सका।

  • बाढ़ नियंत्रण पर खर्च के बावजूद जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल।

Pune Municipal Corporation: पुणे में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति के पीछे प्राकृतिक नालों के साथ की गई छेड़छाड़ भी एक बड़ी वजह हो सकती है। पुणे महानगरपालिका (मनपा) की सर्वसाधारण सभा में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पिछले चार वर्षों में शहर के 47 प्राकृतिक नालों का प्रवाह बदल दिया गया। इस जानकारी के सामने आने के बाद मनपा की निर्माण अनुमति प्रक्रिया, शहर के नियोजन और जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

चार वर्षों में बदले गए 47 नालों के रास्ते

मनपा की सर्वसाधारण सभा में यूनिफाइड डेवलपमेंट कंट्रोल एंड प्रमोशन रेगुलेशंस (यूडीसीपीआर) के प्रावधानों और राज्य सरकार की ओर से किए गए संशोधनों पर चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नगरसेवक अरविंद शिंदे ने प्रशासन से वर्ष 2022 से 2026 के बीच विकास नियंत्रण नियमों में हुए बदलावों और प्राकृतिक नालों के डायवर्जन की जानकारी मांगी।

उन्होंने पूछा कि इस अवधि में कितने नालों का प्राकृतिक प्रवाह बदला गया और इसके लिए किन परियोजनाओं को अनुमति दी गई। साथ ही संबंधित दस्तावेज और अनुमति प्रक्रिया का पूरा ब्योरा सदन में रखने की मांग की।

डेवलपर्स के आवेदनों पर डायवर्जन का आरोप

शिंदे के सवाल पर पुणे शहर अभियंता अनिरुद्ध पावसकर ने पहले कहा कि नालों के डायवर्जन से संबंधित जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं है। हालांकि, दोबारा जवाब मांगे जाने पर उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले चार वर्षों में कुल 47 नालों का प्राकृतिक प्रवाह बदला गया है।

शिंदे ने आरोप लगाया कि इनमें से कई नालों का डायवर्जन डेवलपर्स के आवेदनों के आधार पर किया गया। दूसरी ओर, शहर अभियंता ने इन बदलावों को नियमानुसार बताया। हालांकि, किन इलाकों में और किन परियोजनाओं के लिए ये अनुमतियां दी गईं, इसका विस्तृत विवरण प्रशासन सदन में प्रस्तुत नहीं कर सका।

बाढ़ नियंत्रण पर करोड़ों खर्च, फिर भी सवाल

प्राकृतिक नालों का रास्ता बदलने से बारिश के पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका है। विशेष रूप से तेज बारिश के दौरान पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर हो सकती है।

एक ओर पुणे मनपा बाढ़ नियंत्रण और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर 47 नालों के डायवर्जन की पूरी जानकारी सामने नहीं आने से प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। अब इन सभी नालों की क्षेत्रवार जानकारी और उन्हें दी गई अनुमतियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग उठ रही है।

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा

गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में ली जीरो-ग्रैविटी ट्रेनिंग, कभी उछले, कभी हवा में तैरे; VIDEO VIRAL