Pune Municipal Corporation: पुणे महानगर पालिका ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मंगलवार को लोहगांव और खराड़ी क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 21 हजार 400 वर्ग फीट अवैध पक्के आरसीसी निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यह कार्रवाई मनपा आयुक्त के निर्देशों के अनुसार, अतिक्रमण निष्कासन विभाग के उप आयुक्त सोमनाथ बनकर के नेतृत्व में सुबह नौ बजे से शुरू की गई। अभियान के तहत लोहगांव के निबालकर नगर और खराड़ी क्षेत्र में बिना अनुमति के बनाए जा रहे बहुमंजिला पक्के निर्माणों को निशाना बनाया गया। इमारतों के आरसीसी स्लैब को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया, जबकि संरचनाओं को गिराने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद ली गई।
अभियान को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए पांच जेसीबी, छह गैस कटर, सात ब्रेकर मशीनें, 25 मजदूर, 35 एमएसएफ जवान, 13 पुलिसकर्मी और दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया। पूरी कार्रवाई प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई।
ये भी पढे़ं:- पालघर बाढ़ पर एक्शन मोड में सरकार, CM फडणवीस ने इंटीग्रेटेड रिलीफ प्लान और विशेष पैकेज के दिए निर्देश
मौके पर निर्माण विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता संतोष लांजेकर, उप अभियंता विवेक डुब्बेवार, कनिष्ठ अभियंता संतोष खरात, मंगेश गायकवाड और इरफान शेख मौजूद रहे। उप आयुक्त सोमनाथ बनकर ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक मनपा का नया विकास प्लान मंजूर नहीं होता, तब तक किसी भी अवैध प्लॉटिंग में भूखंड न खरीदें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच कर लें, क्योंकि अवैध निर्माणों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।