कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे  फोटो सोर्स- नवभारत
पुणे

किसानों के बीच पहुंचे कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, पानी और चारे की समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन

Maharashtra Drought Relief: कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने इंदापुर के घोरपडवाडी में किसानों संग दिवाली मनाई। सूखे के बीच पानी, चारे और आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।

रूपम सिंह

Highlights

  • कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने किसानों के साथ दिवाली फराल किया।

  • सूखा प्रभावित किसानों को 5 हजार रुपये की अग्रिम सहायता दी गई।

  • पानी, चारा और जल संरक्षण के लिए उपायों का भरोसा।

Maharashtra Agriculture Minister Dattatray Bharne: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने मंगलवार को इंदापुर तालुका के घोरपडवाडी गांव में किसान हणमंत बापुराव लावंड के घर पहुंचकर किसानों के साथ दिवाली का फराल किया।

इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर सूखे की स्थिति, पेयजल, खेती के लिए पानी और पशुओं के चारे की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूखे के संकट में राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए तत्काल और दीर्घकालिक उपाय किए जाएंगे।

पशुओं के चारे की व्यवस्था का लिया जायजा

गांव पहुंचने पर कृषि मंत्री ने सबसे पहले किसान लावंड के घर के सामने बने पशुओं के गोठे का निरीक्षण किया। उन्होंने परिवार से पशुओं की संख्या और उनके चारे की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। किसान परिवार ने बताया कि घर में उपलब्ध गन्ना पशुओं के चारे के लिए रखा गया है, जबकि मक्का खरीदकर उन्हें खिलाई जा रही है। इसके बाद उन्होंने बकरियों के गोठे और मुर्गियों का भी जायजा लिया।

बाद में परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से उनका औक्षण किया। भरणे ने परिवार और वहां मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इसके बाद उन्होंने सभी के साथ बैठकर दिवाली का फराल और पोहे खाए।

'मैं भी किसान का बेटा हूं'

किसानों से बातचीत के दौरान भरणे ने कहा कि वह कृषि मंत्री होने के साथ किसानों के प्रतिनिधि भी हैं। वह खुद किसान के बेटे हैं और किसानों की परेशानियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला साल चुनौतियों भरा हो सकता है, लेकिन सरकार जून महीने तक पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना बना रही है।

उन्होंने बताया कि जहां पेयजल की समस्या होगी, वहां आवेदन मिलने पर तत्काल टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन क्षेत्रों में पानी के स्रोत उपलब्ध हैं, वहां चारा फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से चारा फसलों के बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पशु शिविर शुरू करने के मुद्दे पर अगले एक-दो महीनों में विचार किया जाएगा।

किसानों के खातों में जमा कराए 5 हजार रुपये

कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भी याद किया।

भरणे के मुताबिक, सूखे की स्थिति को देखते हुए सरकार ने किसानों के खातों में दिवाली के लिए 5 हजार रुपये की अग्रिम सहायता जमा कराई है। आगे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के मानदंडों के अनुसार किसानों को अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

जलस्तर बढ़ाने के लिए होंगे जल संरक्षण के काम

भरणे ने कहा कि सूखे के संकट को भविष्य में भूजल स्तर बढ़ाने के अवसर के रूप में भी देखा जाना चाहिए। कृषि और जल संरक्षण विभाग के माध्यम से तालाबों से गाद निकालने, छोटे बांध बनाने और जल निकासी संरचनाओं की मरम्मत जैसे काम किए जाएंगे।

इसके साथ ही रोजगार गारंटी योजना के तहत खेतों तक जाने वाले पाणंद रास्तों का निर्माण भी किया जाएगा। इससे जल संरक्षण के साथ खेत मजदूरों को रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने किसानों को खेत तालाब और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल