Pune Hayball World Championship 2026: पुणे के कोंढवा स्थित जयराज स्पोर्ट्सल एंड कन्वेंशन सेंटर की राजन खिंवसरा बिलिय एंड स्नूकर अकादमी में 12 अगस्त से अपेक्स स्पोर्ट्स डब्ल्यूपीए हे-बॉल विश्व चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत हुई। चार लाख डॉलर यानी लगभग 3.3 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
पुरुष वर्ग में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जैक व्हेलन, चार बार के वर्ल्ड पूल चैंपियन गैरेथ पॉट्स और वाइल्ड कार्ड से प्रवेश करने वाले भारत के 28 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी आकर्षण का केंद्र हैं। महिला वर्ग में बेल्जियम की 14 बार की यूरोपीय चैंपियन वेंडी जैन्स और ब्रिटेन की केली फिशर मुख्य दावेदार हैं।
भारतीय दल से 20 खिलाड़ी यानी 15 पुरुष और 11 महिला स्पर्धा में हैं, जिनमें संदीप गुलाटी, शिवम अरोडा, अमी कमानी और विद्या पिल्लई प्रमुख हैं। डब्ल्यूपीए के अध्यक्ष ईशॉन सिंह ने बताया कि 37 से अधिक देशों के 128 शीर्ष खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं, भारत में क्यू स्पोर्ट्स इतिहास की यह सबसे बड़ी चैंपियनशिप है, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में समान दो लाख डॉलर - की पुरस्कार राशि तय की गई है।
इधर पुणे में जिला टेबल टेनिस संघ (PDTTA) और पूर्व खिलाड़ियों ने बालुफ ऑटोमेशन प्लेयर्स कप 2026 को आयोजन किया था। पुणे जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप में स्वरदा साने ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब यानी डबल क्राउन अपने नाम किया है। स्वरदा ने महिला वर्ग और अंडर-19 दोनों वर्गों में ट्रॉफी जीती, वहीं ईशान खांडेकर ने पुरुष वर्ग में खिताबी जीत दर्ज की।
शारदा स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए महिला वर्ग के फाइनल में गैर-वरीय स्वरदा साने ने चौथी वरीयता प्राप्त आद्या गवत्रे को 11-7, 8-11, 6-11, 11-7, 9-11, 11-3, 12-10 से हराकर खिताब हासिल किया। स्वरदा छत्रपति राजे संभाजी कॉलेज में 11वीं विज्ञान की छात्रा हैं और इंडिया खेलेगा टेबल टेनिस अकादमी में कोच सन्मय परांजपे से प्रशिक्षण लेती हैं।
पुरुष वर्ग के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त ईशान खांडेकर ने सातवीं वरीयता प्राप्त शुभंकर रानडे को 11-6, 8-11, 11-6, 11-6, 11-4 से पराजित किया। ईशान एसपी कॉलेज के छात्र हैं और दीपेश अभ्यंकर के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं।